डेढ़ एकड़ जमीन के लिए पिता का खून किया, अब जिंदगीभर जेल में रहेगा बेटा
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में डेढ़ एकड़ जमीन के विवाद में बेटे ने बांस के डंडे से पीटकर पिता की हत्या कर दी थी। सत्र न्यायालय ने आरोपी मीनाराम जोशी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

बेमेतरा। जमीन के लालच में बेटे ने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। खेती के लिए डेढ़ एकड़ जमीन मांगने और पिता के इनकार करने पर उसने बांस के डंडे से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी थी। करीब डेढ़ साल पुराने इस सनसनीखेज हत्याकांड में सत्र न्यायालय ने आरोपी बेटे को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर एक हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर उसे 15 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
जमीन के विवाद में पिता पर किया जानलेवा हमला
मामला बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगन्नाथपुर का है। अभियोजन के अनुसार, 2 जून 2025 की सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच मृतक गुलाब जोशी अपने घर की परछी के सामने खड़े थे। इसी दौरान उनका बेटा मीनाराम जोशी वहां पहुंचा और खेती-किसानी के लिए पिता से डेढ़ एकड़ जमीन में हिस्सा देने की मांग की।
पिता ने जब जमीन देने से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर मीनाराम ने बांस के डंडे से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण गुलाब जोशी की मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने डंडा, कपड़े और गमछा किया था जब्त
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने मौके से खून लगी मिट्टी और सामान्य मिट्टी सहित अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए।
विवेचना के दौरान 3 जून 2025 को आरोपी मीनाराम जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा, गमछा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत 17 अगस्त 2025 को न्यायालय में आरोप पत्र पेश किया।
12 गवाहों के बयान और FSL रिपोर्ट बनी अहम आधार
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में 12 गवाहों के बयान दर्ज कराए। इसके अलावा मेमोरेंडम, जब्ती पत्रक, मौका नक्शा, पंचनामा और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट सहित महत्वपूर्ण दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए गए।
सुनवाई के दौरान कुछ स्वतंत्र गवाह अपनी पूर्व की गवाही से मुकर गए, लेकिन अभियोजन पक्ष ने उपलब्ध परिस्थितिजन्य और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराध साबित किया। अदालत ने साक्ष्यों को विश्वसनीय मानते हुए आरोपी को दोषी करार दिया।
19 नवंबर को अदालत ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
सत्र न्यायाधीश सरोजनंद दास ने 19 नवंबर 2026 को मामले में फैसला सुनाते हुए आरोपी मीनाराम जोशी को आजीवन कारावास और 1,000 रुपये अर्थदंड से दंडित किया। जुर्माना अदा नहीं करने पर 15 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
मामले में शासन की ओर से लोक अभियोजक शिवगोपाल श्रीवास ने पैरवी की। जमीन के एक छोटे से हिस्से को लेकर पिता की हत्या करने वाले बेटे को मिली यह सजा पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीर तस्वीर भी सामने लाती है।



