Google Analytics —— Meta Pixel

महादेव सट्टा और शराब घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली से रायपुर तक छापेमारी

Chhattisgarh ED Action: छत्तीसगढ़ में महादेव ऑनलाइन सट्टा और शराब घोटाले से जुड़े मामलों में ED ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली से लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, भिलाई और धमतरी तक ED की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही हैं। दिल्ली में महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर और रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ में रायपुर के जोरा स्थित पार्क सिरीन कॉलोनी में जेल और होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह के घर दबिश दी गई है। धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी बंगले पर भी ED की टीम पहुंची है। यहां की कार्रवाई को शराब घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- अमेरिका में नॉरईस्टर तूफान का कहर, 9 लाख घरों की बिजली गुल, 400 फ्लाइट्स रद्द, 1800 लेट

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ED ने दिल्ली के लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी को शक है कि महादेव सट्टे से अर्जित करोड़ों रुपये इन कारोबारियों तक पहुंचाए गए और बाद में इस रकम को दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के साथ भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश किया गया। जांच के दायरे में शेली ग्रोवर और उनके बेटे से जुड़ी 9 कंपनियां भी हैं। ED यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सट्टे से हासिल रकम किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से आगे भेजी गई और उसका इस्तेमाल किन व्यावसायिक गतिविधियों में किया गया। अधिकारियों के मुताबिक जांच अब सट्टा नेटवर्क से आगे बढ़कर उससे जुड़े कारोबारी रिश्तों, निवेश और संपत्तियों तक पहुंच गई है। (Chhattisgarh ED Action)

सौरभ चंद्राकर की दुबई वाली शादी से जुड़े तार

इस कार्रवाई में राहुल मक्कर की भूमिका भी जांच के केंद्र में है। राहुल मक्कर दिल्ली की एक लग्जरी कैटरिंग कंपनी के संस्थापक हैं, जिसका कारोबार भारत के अलावा दुबई और बाली तक फैला हुआ है। ED के मुताबिक साल 2023 में UAE में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की भव्य शादी हुई थी। इस शादी में कैटरिंग की जिम्मेदारी राहुल मक्कर की कंपनी ने संभाली थी। सौरभ चंद्राकर की इस शाही शादी में करोड़ों रुपए खर्च किए जाने की बात पहले भी जांच के दौरान सामने आ चुकी है। अब ED यह पता लगा रही है कि शादी से जुड़े कारोबारी लेन-देन और दूसरे वित्तीय संबंधों का महादेव सट्टा मामले से कोई कनेक्शन है या नहीं। जांच एजेंसी राहुल मक्कर और विकास छपरिया के बीच कारोबारी के साथ वित्तीय संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। विकास छपरिया को सौरभ चंद्राकर का करीबी सहयोगी और सट्टे से जुड़े पैसों का वित्तीय प्रबंधन संभालने वाला अहम व्यक्ति बताया जाता है।

जोरबाग से खान मार्केट तक ED की तलाशी

ED को आशंका है कि इसी तरह के कारोबारी संपर्कों के जरिए सट्टे से कमाई गई रकम अलग-अलग कारोबारों में निवेश की गई हो सकती है। दिल्ली में ED की टीमों ने पॉश जोरबाग इलाके में शेली ग्रोवर से जुड़े दो मकानों, नंबर 149 और 152, की तलाशी ली। इसके अलावा खान मार्केट स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय की भी जांच की गई। राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस और उनके स्वामित्व वाले कई वेडिंग वेन्यू पर भी छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान ED ने वित्तीय रिकॉर्ड, कंपनियों से जुड़े दस्तावेज और संपत्तियों के कागजात खंगाले। एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि संबंधित कारोबारों में निवेश के लिए इस्तेमाल की गई रकम का स्रोत क्या था और कहीं इसका संबंध महादेव ऑनलाइन सट्टे से तो नहीं है। शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर का दुबई में रियल एस्टेट कारोबार है। दोनों एम्पायर इंफ्राटेक रियल एस्टेट ब्रोकरेज LLC से जुड़े हैं। शेली ग्रोवर इस कंपनी के संस्थापक और CEO बताए जाते हैं। वहीं उनके बेटे माधव दुबई में रियल एस्टेट एजेंट, डायरेक्टर और पोर्टफोलियो मैनेजर के तौर पर काम करते हैं।

रायपुर में वित्त सहायक के घर दबिश

शेली ग्रोवर का भारत में रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और एंटरटेनमेंट सेक्टर की 9 कंपनियों में डायरेक्टर के रूप में जुड़ाव बताया गया है। ED अब भारत और दुबई में फैले इस कारोबारी नेटवर्क के दस्तावेजों की जांच कर रही है। एजेंसी को शक है कि महादेव सट्टे से हासिल रकम का इस्तेमाल दुबई के प्रॉपर्टी कारोबार में भी किया गया हो सकता है। इधर, छत्तीसगढ़ में भी ED की कार्रवाई जारी है। रायपुर के जोरा स्थित पार्क सिरीन कॉलोनी में जेल और होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह के घर ED की टीम पहुंची। सुबह से ही टीम दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि ED की टीम CRPF के जवानों के साथ मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामले में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि राजेंद्र सिंह के घर से किन दस्तावेजों या वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है, इस बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है।

अपर कलेक्टर के बंगले पर ED की कार्रवाई

धमतरी में भी ED की अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। प्रवर्तन निदेशालय की टीम अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी बंगले E-3 पहुंची। जानकारी के मुताबिक दो गाड़ियों में करीब 10 से 12 अधिकारी पहुंचे थे। टीम में महिला अधिकारी भी शामिल थी और सुरक्षा के लिए CRPF के जवान मौजूद थे। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़े मामले में की जा रही है। अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के पति नवीन सिंह पूर्व में आबकारी विभाग में पदस्थ रहे हैं। शराब घोटाले की जांच के दौरान उनका नाम सामने आया था, जिसके बाद उन्हें विभाग से निलंबित किए जाने की जानकारी है। सूत्रों के मुताबिक न्यायालय से जमानत मिलने के बाद नवीन सिंह के अपनी अपर कलेक्टर पत्नी के सरकारी आवास पर रहने की जानकारी ED के संज्ञान में आई थी। इसके बाद टीम ने बंगले पर पहुंचकर जांच शुरू की। हालांकि तलाशी के दौरान किन दस्तावेजों, लेन-देन या अन्य तथ्यों को लेकर पड़ताल की जा रही है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। (Chhattisgarh ED Action)

भिलाई और अन्य ठिकानों पर भी जांच

रायपुर और धमतरी के अलावा भिलाई में भी ED की टीमों की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। प्रदेश के अलग-अलग ठिकानों पर सुबह से ही जांच-पड़ताल जारी है। फिलहाल सभी स्थानों पर की जा रही कार्रवाई का पूरा विवरण सामने नहीं आया है। खास बात यह है कि एक ओर दिल्ली में महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले से जुड़े कारोबारियों और कंपनियों की जांच की जा रही है, वहीं छत्तीसगढ़ में सट्टा और शराब घोटाले से जुड़े अलग-अलग मामलों में दबिश दी जा रही है। ED की मौजूदा कार्रवाई का दायरा केवल आरोपियों या सट्टा नेटवर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि उन कारोबारी संस्थाओं, कंपनियों और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है, जिनके जरिए कथित तौर पर पैसों का लेन-देन हुआ हो सकता है। दिल्ली में 9 कंपनियों के नेटवर्क से लेकर दुबई के रियल एस्टेट कारोबार और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग विभागों से जुड़े अधिकारियों के ठिकानों तक जांच पहुंचने से मामले की गंभीरता बढ़ गई है। अब जांच में यह देखना अहम होगा कि ED की तलाशी में कौन से वित्तीय दस्तावेज और नए तथ्य सामने आते हैं। क्या महादेव सट्टा मामले में पैसों के निवेश से जुड़े नए नाम उजागर होंगे और क्या शराब घोटाले की जांच में भी कोई नया खुलासा होगा, इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में मिल सकते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!