चौतरफा संकट में घिरा पाकिस्तान, बलूचिस्तान और खैबर के बाद अब सिंध में बगावत की आग, गृहयुद्ध जैसे बन रहे हालात

Major Upheaval in Pakistan: कंगाली, महंगाई और चौतरफा आंतरिक अराजकता से जूझ रहे पाकिस्तान में एक बार फिर गृहयुद्ध जैसे हालात बनते दिख रहे हैं। 26 नवंबर को जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम फजल यानी JUI-F के कार्यकर्ताओं ने देश की आर्थिक राजधानी कराची समेत कई प्रमुख राजमार्गों पर चक्काजाम कर पूरे देश की रफ्तार रोक दी। तात्कालिक तौर पर यह बवाल पंजाब प्रांत के सरगोधा में पार्टी नेताओं पर हुई कार्रवाई के विरोध में भड़का, लेकिन इसके पीछे सिंध प्रांत के संभावित विभाजन को लेकर सुलग रहा गहरा आक्रोश भी खुलकर सड़कों पर फूट पड़ा है। विरोध प्रदर्शनों की इस ताजा लहर के पीछे प्रशासनिक दमन और सियासी टकराव की दोहरी कहानी सामने आई है।
यह भी पढ़ें:- वार्ड बॉय से डॉक्टर बना युवक, फर्जी डिग्री के दम पर मरीजों की जिंदगी से करता रहा खिलवाड़, अंतरराज्यीय नेटवर्क बेनकाब
दरअसल, पंजाब के सरगोधा में JUI-F की एक बड़ी जनसभा प्रस्तावित थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने सार्वजनिक व्यवस्था का हवाला देते हुए पार्टी प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान समेत 9 वरिष्ठ नेताओं के शहर में प्रवेश पर 30 दिन की पाबंदी लगा दी। इसके साथ ही धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में पार्टी महासचिव मौलाना अब्दुल गफूर हैदरी और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। अपने शीर्ष नेतृत्व की इस घेराबंदी से भड़के मौलाना फजलुर रहमान ने पूरे देश में चक्काजाम का ऐलान कर दिया, जिसके बाद देर शाम दबाव में आकर पंजाब प्रशासन को हिरासत में लिए गए नेताओं को रिहा करना पड़ा। केंद्रीय नेतृत्व के आदेश के बाद कराची के अल-आसिफ स्क्वायर के पास सुपर हाईवे के दोनों ट्रैक पूरी तरह बंद कर दिए गए, जिससे शहर के सभी प्रमुख प्रवेश और निकास द्वार जाम हो गए। (Major Upheaval in Pakistan)
बंदरगाह पर अटके हजारों कंटेनर
हैदराबाद, सुक्कुर और लरकाना से लेकर बलूचिस्तान के रास्तों तक यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया। बलूचिस्तान के झोब समेत कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तीखी झड़पें हुईं। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी दागे। कराची में हुए इस विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम ने पहले से ही दिवालिया होने की कगार पर खड़े पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका दिया है। शहर के सभी प्रमुख हाईवे बंद होने के कारण कराची बंदरगाह से निकलने वाले हजारों कंटेनर रास्ते में ही फंस गए। माल ढुलाई और व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप पड़ने से महज एक ही दिन में पाकिस्तानी अर्थव्यवस्था को करोड़ों रुपए का सीधा नुकसान उठाना पड़ा है और आम जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
प्रांतों के विभाजन की सुगबुगाहट तेज
सियासी जानकारों के मुताबिक कराची की सड़कों पर उतरा लाखों लोगों का गुस्सा सिर्फ एक रैली रोके जाने तक सीमित नहीं है। पाकिस्तान में पिछले कुछ समय से प्रशासनिक सुधारों के नाम पर देश के चारों बड़े प्रांतों को बांटकर 12 से 15 छोटे प्रांत या प्रशासनिक इकाइयां बनाने की चर्चाएं तेज हैं। सिंधी राष्ट्रवादी संगठनों और स्थानीय दलों का मानना है कि यह सिंध की ऐतिहासिक पहचान, संस्कृति और संसाधनों को कमजोर करने की साजिश है। प्रदर्शनों के दौरान ‘सिंध टूटेगा, तो पाकिस्तान बंटेगा’ और ‘सिंधु देश’ की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी भी देखने को मिली। इस संवेदनशील मुद्दे पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। बिलावल ने दो टूक कहा कि अगर जोर-जबरदस्ती से प्रांत के बंटवारे जैसा कोई कदम उठाया गया तो हालात पूरी तरह बेकाबू हो जाएंगे। (Major Upheaval in Pakistan)

उन्होंने आगाह किया कि भले ही उनकी पार्टी के कार्यकर्ता हथियार न उठाएं या हिंसा न करें, लेकिन इस फैसले से ऐसी आग फैलेगी कि सरकार के लिए हालात संभालना नामुमकिन हो जाएगा। बलूचिस्तान में जारी विद्रोह और खैबर पख्तूनख्वा की बिगड़ती कानून व्यवस्था के बीच अब सिंध और कराची के इस उबाल ने शहबाज सरकार और सेना प्रमुख असीम मुनीर की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। दशकों से सीमा पार आतंकवाद को हवा देने और भारत के खिलाफ नापाक साजिशें रचने वाला पाकिस्तान आज खुद अपने ही बोए कांटों से लहूलुहान है। दूसरों के घर में आग लगाने की फिराक में रहने वाले इस्लामाबाद और रावलपिंडी के हुक्मरानों के लिए अब अपना ही मुल्क संभालना नामुमकिन होता जा रहा है। बलूचिस्तान में आजादी की गूंज, खैबर पख्तूनख्वा में सुलगते विद्रोह और अब कराची से लेकर पूरे सिंध में भड़की इस बगावत ने साफ कर दिया है कि कंगाली और आंतरिक कलह के दलदल में धंसा पाकिस्तान खुद अपने ही वजूद की सबसे बड़ी लड़ाई लड़ रहा है।



