न्यायधानी में 4 लोगों की हत्या से सनसनी, आरोपी ने थाने में किया सरेंडर

Mass Murder in Bilaspur: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक शख्स ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने तीन बच्चों को भी मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी ने आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा, जिसके बाद उसने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी उमेंद्र राम केंवट हिर्री गांव का रहने वाला है, जो रोजी मजदूरी करता था। उमेंद्र घर में अपनी पत्नी सुकरिता (उम्र 28 साल) और तीन बच्चों के साथ रहता था।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में विधानसभा अध्यक्ष और मंत्रियों को आवास आवंटित, पढ़ें पूरी खबर

बताया जा रहा है कि सोमवार की रात को उमेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान पत्नी ने खाना खाने के लिए कहा। तभी वो विवाद करने लगा। इस बीच दोनों में विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने मारपीट करना शुरू कर दिया। देर रात हुए इस विवाद के बाद आरोपी उमेंद्र ने अपनी पत्नी, दो बेटी और एक बेटे का रस्सी से गला घोंट दिया और चारों की जान ले ली। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन रस्सी टूट गई। फिर मरने के लिए घर में कीटनाशक ढूंढता रहा। जब कुछ नहीं मिला तो आरोपी थाने पहुंच गया। वारदात के बाद देर रात करीब 2 बजे उमेंद्र थाने के बाहर रखी बेंच पर सो गया। उसे इस तरह से सोता देखकर पुलिसकर्मियों ने उठाया और पूछताछ की। (Mass Murder in Bilaspur)

आरोपी ने पुलिस को खुद दी जानकारी

पूछताछ में जब उसने पत्नी और बच्चों की हत्या की बात बताई तो पुलिस को उसकी बातों पर भरोसा नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस उमेंद्र को रात करीब 3 बजे लेकर उसके गांव पहुंची। पुलिस घटनास्थल पहुंची तो उमेंद्र की पत्नी के साथ ही उसकी बेटी खुशी केंवट (8), निशा केंवट (4) और पवन केंवट (3) की लाश कमरे में पड़ी मिली। गांव में चार लोगों की हत्या की खबर मिलते लोग दहशत में आ गए। पूछताछ में उमेंद्र ने बताया कि उसकी शादी करीब 8 साल पहले जांजगीर-चांपा के अकलतरा में बरगवां गांव की रहने वाली सुकरिता से हुई थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। (Mass Murder in Bilaspur)

चरित्र पर शक के चलते ली 4 लोगों की जान

रोजान विवाद से परेशान होकर वह पत्नी और बच्चों को छोड़कर ओडिशा किसी कंपनी में काम करने चला गया था। 6 महीने पहले ही वह गांव लौटा था। उसके बाद झगड़ा कम हुआ, लेकिन वह पत्नी सकुरिता के चरित्र पर शक करने लगा था। परिजन ने बताया कि 1 जनवरी को आरोपी उमेंद्र के माता-पिता की शादी की सालगिरह थी। रात करीब 10 बजे तक उन्होंने घर पर पार्टी मनाया। इसके बाद परिजन अपने-अपने कमरे में जाकर सो गए। देर रात हुई इस घटना का परिजन को पता तक नहीं चला। तड़के करीब 3 बजे पुलिस गांव पहुंची तब उन्हें हत्या की जानकारी हुई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। (Mass Murder in Bilaspur)

Related Articles

Back to top button