Google Analytics —— Meta Pixel

डंपर और ऑटो के बीच आमने-सामने टक्कर, 5 लोगों की मौत, 3 घायल

Accident in Chitrakoot: उत्तरप्रदेश के चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा हुआ है। दरअसल, कर्वी मुख्‍यालय से सटे अमानपुर गांव के पास हाईवे पर डंपर और ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो सवार 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 लोगों की हालत गंभीर है, जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक ऑटो किसी गाड़ी को ओवरटेक कर रहा था। तभी सामने से आ रही डंपर से टकरा गया। डंपर और ऑटो दोनों की रफ्तार तेज थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से लोगों को ऑटो से निकाला। इस दौरान तीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 2 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।

यह भी पढ़ें:- असम में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, अब तक 4 लोगों की मौत, 53,000 प्रभावित

घटना कोतवाली क्षेत्र के झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग अमानपुर के पास की है, जहां किसी ट्रेन से श्रद्धालु मुख्यालय कर्वी रेलवे स्टेशन पर उतरे। इसके बाद वह ऑटो से चित्रकूट जा रहे थे। ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि अमानपुर के पास हाईवे में भरतकूप की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार रही कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार लोग काफी देर तक फंसे रहे। आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। आनन-फानन में कर्वी कोतवाल उपेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जिन्होंने क्रेन मंगवाकर ऑटो में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। ऑटो में चालक समेत कुल 8 लोग सवार थे। (Accident in Chitrakoot)

मृतकों में 3 लोगों की पहचान कर ली गई है। हालांकि अभी 2 की पहचान नहीं हो सकी है। 3 मृतकों में 2 कन्नौज और एक हमीरपुर का रहने वाला था। वहीं दो की शिनाख्त में पुलिस जुटी हुई है। घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। ASP चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि तीन घायलों में कर्वी कोतवाली क्षेत्र के नारायनपुर निवासी अखिलेश का 20 साल का बेटा निर्भय और अहमदगंज निवासी प्रेमलाल का 17 साल का बेटा सूरज शामिल है। एक अन्य घायल की फिलहाल पहचान सामने नहीं आई है। बता दें कि देश में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। (Accident in Chitrakoot)

Back to top button
error: Content is protected !!