Google Analytics —— Meta Pixel

आतंक का सप्लायर पड़ोसी देश आटे को तरस रहा है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Damoh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के दमोह में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये चुनाव आने वाले 5 साल में भारत को दुनिया की बड़ी शक्ति बनाने का चुनाव है। आप देख रहे हैं कि दुनिया में कैसे युद्ध के बादल छाए हैं। जब दुनिया में युद्ध का माहौल हो, घटनाएं घट रही हों, तो भारत में युद्धस्तर पर काम करने वाली सरकार बहुत जरूरी है। स्थिर सरकार कैसे देश और देशवासियों के हित में काम करती है, ये हमने बीते 10 सालों में देखा है। कोरोना का इतना बड़ा संकट आया, पूरी दुनिया में हाहाकार मचा। मजबूत भाजपा सरकार पूरी दुनिया से हर भारतीय को सुरक्षित वापस ले आई।

 यह भी पढ़ें:- दो कर्मचारियों की मौत के बाद अशोका बिरयानी पर लगा ताला, गृहमंत्री ने दिए जांच के निर्देश

PM मोदी ने कहा कि आज देश में वो भाजपा सरकार है, जो ना किसी से दबती है और न किसी के सामने झुकती है। हमारा सिद्धांत है – राष्ट्र प्रथम। भारत को सस्ता तेल मिले, इसलिए हमने देशहित में फैसला लिया। भारत के किसानों को पर्याप्त खाद मिले। इसलिए हमने देशहित में फैसला लिया। आज दुनिया के कितने ही देशों की स्थिति बहुत खराब है। कई देश दिवालिया हो रहे हैं। हमारा एक पड़ोसी, जो आतंक का सप्लायर था, वो अब आटे की सप्लाई के लिए तरस रहा है। ये धरती शूरवीरों और योद्धाओं की धरती है। मैं इस धरती के लोगों को INDI गठबंधन की सच्चाई बताना चाहता हूं। (PM Modi in Damoh)

प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक कांग्रेस ने भारत के डिफेंस सेक्टर को कमजोर बनाए रखा। ये लोग सेनाओं के लिए हथियार खरीदने में भी अपना स्वार्थ देखते हैं। पूरे देश ने देखा कि कैसे इन लोगों ने पूरी ताकत लगा दी कि वायुसेना को राफेल लड़ाकू विमान न मिल पाए। कांग्रेस की सरकार रही होती तो तेजस फाइटर प्लेन भी आसमान की बुलंदियां नहीं देख पाता। ये भाजपा सरकार है जो हमारी सेनाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। भारत की पहचान अब दूसरे देशों को हथियार निर्यात करने वाले देश की बन रही है। हर परिवार के लिए राशन और इलाज का खर्च मायने रखता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मोदी ने आने वाले 5 वर्ष तक मुफ्त राशन की सुविधा बढ़ा दी है। (PM Modi in Damoh)

PM ने कहा कि ये मुफ्त राशन इसलिए, ताकि गरीब के घर का चूल्हा जलता रहे। आयुष्मान योजना ने भी गरीबों के लाखों रुपये खर्च होने से बचाएं हैं। अब मोदी ने गारंटी दी ही कि अब गरीबों के साथ साथ हमारे देश का कोई भी व्यक्ति जो 70 साल से ऊपर का है, ऐसे बुजुर्गों को भी मुफ्त इलाज की योजना का लाभ मिलेगा। हर घर जल और हर खेत में पानी भी भाजपा का संकल्प है। बुंदेलखंड में पानी की समस्याओं का समाधान करने के लिए मोदी पूरी ईमानदारी से जुटा है। पंचम नगर परियोजना से सिंचाई की जरूरतें पूरी हो रही हैं। हम 45 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करके केन-बेतवा लिंक नहर को तेजी से पूरा कर रहे हैं। (PM Modi in Damoh)

उन्होंने कहा कि हर घर जल अभियान के तहत मध्य प्रदेश में करीब 70 लाख घरों तक पाइप से पानी पहुंचाया जा चुका है। परिवारवादी और भ्रष्टाचारी नेताओं को मोदी की गारंटी बैचेन कर रही है। वो कहते हैं कि तीसरी बार भाजपा सरकार बनी तो आग लग जाएगी। INDI गठबंधन के लोग मोदी को आए दिन धमकियां दे रहे हैं, लेकिन मोदी इनकी धमकियों से न पहले डरा है और न कभी डर सकता है। कांग्रेस और INDI गठबंधन वाले हमारी आस्था का अपमान करने में जुटे हैं। ये लोग कहते हैं कि हमारा सनातन डेंगू, मलेरिया है। अयोध्या में जो राम मंदिर बना है, उसके भी ये घोर विरोधी हैं। ये लोग भगवान श्रीराम की पूजा को पाखंड बताते हैं। BJP-NDA गठबंधन को दिया आपका वोट, केंद्र में सरकार तो बनाएगा ही, साथ ही आपका वोट विकसित भारत का सपना भी पूरा करेगा। (PM Modi in Damoh)

Back to top button
error: Content is protected !!