अनियंत्रित होकर पलटी बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, हादसे में 13 लोगों की मौत

Rajgarh Road Accident: भारत में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले का है, जहां बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 40 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 12 घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं 2 बच्चों समेत 4 लोगों को गंभीर हालत में भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग राजस्थान के झालावाड़ और बारां जिले के रहने वाले थे।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस प्रत्याशियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ खड़गे का मंथन, इंडिया गठबंधन के नेता पहुंचे चुनाव आयोग
बारात में शामिल लोगों के मुताबिक ट्रैक्टर का ड्राइवर शराब के नशे में धुत्त था। ट्रॉली में 70 बाराती थे, जिनमें से 13 लोगों की ट्रॉली के नीचे दबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने JCB की मदद से ट्राॅली को उठाकर शवों को बाहर निकाला। मृतकों में 5 महिलाएं, 5 बच्चे और 3 युवक शामिल हैं। हादसा पीपलोदी के पास हुआ है। बराती ट्रैक्टर में राजस्थान के मोतीपुरा गांव से राजगढ़ के कमालपुर गांव जा रहे थे, लेकिन खामखेड़ा से कुछ दूर पिपलौदी मोड़ पर ट्रैक्टर पलट गया। (Rajgarh Road Accident)
CM मोहन यादव ने जताया दुख
हादसे को लेकर मुख्यमंंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं और राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। वहीं सूचना मिलने के बाद राज्यमंत्री नारायण सिंह जिला अस्पताल पहुंचे, जिन्होंने घायलों का हाल जाना और उनके इलाज के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर हर्ष दीक्षित और SP आदित्य मिश्रा भी जिला अस्पताल पहुंचे, जिन्होंने घायलों से हादसे को लेकर जानकारी ली। बता दें कि मध्यप्रदेश में लगातार हादसे की घटनाएं सामने आ रही है। इसका सबसे बड़ा कारण यातायात नियमों का पालन नहीं करना है। (Rajgarh Road Accident)



