छत्तीसगढ़ में लाल आतंक पर प्रहार जारी, नारायणपुर मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर, 2 जवान घायल
Narayanpur Naxalite Encounter: छत्तीसगढ़ में जवानों ने एक बार फिर नक्सलियों पर कड़ा प्रहार किया है। दरअसल, नारायणपुर में अबूझमाड़ के कुतुल इलाके में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है, जिसमें सुरक्षाबलों ने 8 नक्सलियों को मार गिराया है। जानकारी के मुताबिक मारे गए नक्सलियों की संख्या और भी बढ़ सकती है। अब तक मुठभेड़ खत्म नहीं हुई है। मुठभेड़ पिछले दो दिनों से जारी है। संयुक्त ऑपरेशन में नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, दंतेवाड़ा DRG, STF और ITBP 53वीं बटालियन शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में 2024 के बड़े नक्सली ऑपरेशन
- 25 फरवरी को कांकेर के कोयलीबेड़ा में 3 नक्सली ढेर
- 27 मार्च को बीजापुर के गंगालूर में 6 नक्सली ढेर
- 2 अप्रैल को बीजापुर के नेड्रा में 13 नक्सली ढेर
- 6 अप्रैल को बीजापुर के कर्रीगुटा में 3 नक्सली ढेर
- 16 अप्रैल को कांकेर के छोटे बेठिया में 29 नक्सली ढेर
- 30 अप्रैल को नारायणपुर के टेकमेटा में 10 नक्सली ढेर
- 10 मई को बीजापुर के पीडिया में 12 नक्सली ढेर
- 27 मई को बीजापुर के गंगालूर में 6 नक्सली ढेर
- 23 और 24 मई को नारायणपुर के अबूझमाड़ में 8 नक्सली ढेर
- 7 जून को नारायणपुर के गोबेल में 6 नक्सली ढेर
- 15 जून को नारायणपुर के अबूझमाड़ में 8 नक्सली ढेर
इधर, बस्तर में मानसून से पहले सुरक्षाबलों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। IG सुंदरराज पी के मुताबिक बस्तर में मानसून के दौरान भी सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों के खिलाफ मुस्तैदी से एंटी नक्सल ऑपरेशन संचालित करेंगे। इससे नक्सली संगठन में नई भर्ती नहीं हो पाएगी। IG का कहना है कि पहले भारी बारिश के चलते मानसून में एंटी नक्सल ऑपरेशन बंद करना पड़ता था, जिससे नक्सलियों को सीधा फायदा मिलता था। इस दौरान नक्सली नई भर्ती के साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए अन्य गतिविधियों को अंजाम तक पहुंचाने से नहीं चूकते थे। इस बार मानसून के दौरान सुरक्षाबलों की सक्रियता नक्सलियों को दोहरी चोट पहुंचाएगी। (Narayanpur Naxalite Encounter)
साल 2024 में अब तक 131 नक्सली ढेर
बता दें कि छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के बाद जवान नक्सलियों के खिलाफ आक्रामकता के साथ ऑपरेशन चला रहे हैं, जिसके चलते उन्हें बड़ी कामयाबी मिली है। जनवरी 2024 से लेकर अब तक चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन में सुरक्षाबलों और नक्सलियों का 72 बार आमना-सामना हुआ, जिसमें जवानों ने 131 नक्सलियों को ढेर किया। वहीं अब मानसून में भी सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों को चैन की सांस लेने नहीं देंगे। मानसून के दौरान नारायणपुर के अबूझमाड़, बीजापुर और दंतेवाड़ा के सीमाई क्षेत्रों में विशेष रणनीति के तहत ऑपरेशन चलाया जाएगा। हालांकि नक्सली बौखलाहट में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। (Narayanpur Naxalite Encounter)



