Google Analytics —— Meta Pixel

जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वालों का बढ़ा आंकड़ा, अब तक 50 लोगों की मौत

Tamilnadu Liquor Case Update: तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब तक 50 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 3 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं। इधर, तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री और DMK यानी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम नेता सुब्रमण्यम मा ने सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात की। साथ ही उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे इलाज के बारे में जानकारी ली।

यह भी पढ़ें:- प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने देश में एंटी पेपर लीक कानून लागू, आधी रात को जारी हुई अधिसूचना

स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम मा ने बताया कि 185 लोगों को कल्लाकुरिची अस्पताल, सलेम सरकारी अस्पताल,पुडुचेरी के JIPMER अस्पताल और विलुप्पुरम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 135 लोगों का इलाज जारी है, जिनमें से 30 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि तमिलनाडु में जहरीली शराब से मौत का सिलसिला 19 जून से शुरू हुआ था। पहले दिन 34 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें से 24 लोग एक ही गांव करुणापुरम के रहने वाले थे, जिनका 20 जून को एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। वहीं 21 जून को मृतकों का आंकड़ा 47 पहुंच गया, जो बढ़कर 50 हो गया है। (Tamilnadu Liquor Case Update)

वहीं जहरीली शराब कांड को लेकर मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को जमकर फटकार लगाई है। जस्टिस डी कृष्णकुमार और जस्टिस के कुमारेश बाबू की डिवीजन बेंच ने कहा कि ये पहली बार नहीं है जब राज्य सरकार जहरीली शराब से होने वाली मौतों को रोकने में असफल रही है। हाईकोर्ट के जस्टिस ने कहा कि उन्होंने इस त्रासदी से पहले भी कल्लाकुरिची में बेचे जा रहे अवैध शराब की समाचार रिपोर्ट पढ़ी थी। इसके बारे में कुछ यूट्यूबर्स ने भी बात की थी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मई 2024 में इसे लेकर तमिलनाडु सरकार को नोटिस भी जारी किया था। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। (Tamilnadu Liquor Case Update)

 

मद्रास हाईकोर्ट ने कहा कि ये मामला लोगों के जिंदगी से जुड़ा है। इसलिए कोर्ट ने अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई और दर्ज मामलों की रिपोर्ट राज्य सरकार को दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। मामले पर अगली सुनवाई 26 जून को होगी। वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शराबकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है। साथ ही सरकार ने मामले की जांच CB-CID को सौंपी है। कल्लाकुरिची कलेक्टर श्रवण कुमार जाटवथ का ट्रांसफर कर दिया गया है। जबकि SP समय सिंह मीना समेत निषेध शाखा के 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। (Tamilnadu Liquor Case Update)

बता दें कि तमिलनाडु में जहरीली शराब से मौत का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है। 2008 में तमिलनाडु के कृष्णागिरि और कर्नाटक के कोलार के सीमावर्ती गांवों में जहरीली शराब पीने से करीब 180 लोगों की मौत हुई थी। इनमें से 60 कृष्णागिरी और बाकी कोलार-बेंगलुरु के रहने वाले थे। जहरीली शराब से कई लोगों की आंखों की रोशनी चली गई थी।राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो यानी NCRP के आंकड़ों के मुताबिक तमिलनाडु में जहरीली शराब से 2020 में 20 और 2021 में 6 लोगों की मौत हुई थी। इसी तरह 2023 में विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिले में करीब 22 लोगों की जान चली गई थी। वहीं 2024 में अब तक 50 लोगों की मौत हो गई है, जिसका आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। (Tamilnadu Liquor Case Update)

Back to top button
error: Content is protected !!