जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले में अब तक 5 जवान शहीद, 5 घायल, कल सेना के वाहन पर हुआ था हमला

Terrorist Attack in Kathua: जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में एक और जवान की जान चली गई है। ऐसे में कठुआ आतंकी हमले में जान गंवाने वाले जवानों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। इलाके में अभी भी आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है। दरअसल, माचेड़ी इलाके में आतंकियों ने सेना के वाहन पर ग्रेनेड से हमला कर दिया, जिसमें अब तक 5 जवान शहीद हो गए हैं। जबकि 5 जवान घायल हुए हैं। फिलहाल इलाके में अभी तलाशी अभियान जारी है। इधर, उधमपुर में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें:- युद्ध के लिए हमेशा तैयार रहना शांतिपूर्ण माहौल के लिए सबसे सुरक्षित मार्ग है : उपराष्ट्रपति
कठुआ आतंकी हमला में घायल जवानों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलावर की चिकित्सा अधिकारी शीला देवी ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि पांच घायल जवानों को यहां लाया गया था, जिनका प्राथमिक इलाज किया गया है। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पठानकोट सैन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जवानों के शहदत को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैं बदनोटा, कठुआ (जम्मू-कश्मीर) में हुए आतंकवादी हमले में हमारे पांच बहादुर भारतीय सेना के जवानों के मारे जाने से बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है, राष्ट्र इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। (Terrorist Attack in Kathua)

उन्होंने कहा कि आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है और हमारे सैनिक क्षेत्र में शांति और व्यवस्था कायम करने के लिए दृढ़ हैं। मैं इस नृशंस आतंकवादी हमले में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व डिप्टी CM और भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा कि आतंकवादियों ने एक बार फिर कायराना हमला किया है। सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर में शांति लाने के लिए बहुत प्रयास किए। अगर ऐसी घटनाएं होती हैं, तो यह दुख की बात है, लेकिन इन कायरों को बख्शा नहीं जाएगा। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मुझे लगता है कि आतंकवादियों को जल्द ही खत्म कर दिया जाएगा। जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। पाकिस्तान जानता है कि वह सीधी लड़ाई नहीं जीत सकता, इसलिए वह ऐसा करने की कोशिश कर रहा है। (Terrorist Attack in Kathua)



