आज लगातार सातवां बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण, कांग्रेस ने महंगाई को लेकर कसा तंज

Union Budget 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज (23 जुलाई) 11 बजे लगातार 7वीं बार केंद्रीय बजट 2024 पेश करेंगी। वे केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर (विधानमंडल के साथ) की अनुमानित प्राप्तियों और व्यय (2024-25) के विवरण (अंग्रेजी और हिंदी में) मेज पर रखेंगी। केंद्रीय वित्त मंत्री राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन अधिनियम, 2003 की धारा 3 की उपधारा (1) के तहत निम्नलिखित पत्रों की एक-एक प्रति (अंग्रेजी और हिंदी में) भी सभा पटल पर रखेंगी। मध्यम अवधि की राजकोषीय नीति सह राजकोषीय नीति रणनीति वक्तव्य और मैक्रो-इकोनॉमिक फ्रेमवर्क स्टेटमेंट।
यह भी पढ़ें:- 21 पशुपालकों को नोटिस जारी, कलेक्टर ने कहा- हाईवे से लगे गौठानों को फिर करेंगे शुरू
केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण एक बयान (अंग्रेजी और हिंदी में) राज्यसभा में साल 2024-25 के लिए सरकार की अनुमानित प्राप्तियां और व्यय पटल पर रखेंगी। वह लोकसभा में केंद्रीय बजट 2024-25 की प्रस्तुति के समापन के एक घंटे बाद बजट पेश करेंगी। आज पेश होने वाले केंद्रीय बजट 2024 पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जो मंत्र है-सबका साथ सबका विकास…आपने देखा है कि बजट राष्ट्रहित में आता है और इसी प्रकार से यह बजट आएगा। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि यह बजट विकसित भारत की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। हम उम्मीद करते हैं कि आज जो बजट आएगा, निश्चित रूप से उसमें उत्तर प्रदेश को भी लाभ मिलेगा। (Union Budget 2024)
केंद्रीय गृहमंत्री ने की तारीफ
इससे पहले कल आर्थिक सर्वेक्षण 2023-24 पेश किया गया था। वित्त वर्ष 2025 में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर 6.5-7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है, जिसमें जोखिम को संतुलित रखा गया है, तथा इस तथ्य को भी ध्यान में रखा गया है कि बाजार की अपेक्षाएं उच्च स्तर पर हैं। इसे लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण से पता चलता है कि PM नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का विजन एक आसन्न संभावना है। पिछले 10 सालों में PM मोदी की दूरदर्शी नीतियों ने भारत को आर्थिक विकास के शिखर पर पहुंचा दिया है। सर्वेक्षण में भारत के सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने का दस्तावेजीकरण किया गया है। साथ ही विकसित राष्ट्र के रूप में उभरने के लिए इसके भविष्य की रूपरेखा को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया है। (Union Budget 2024)
सरकार सिर्फ अपने फायदे के लिए काम करती है: खड़गे
वहीं केंद्रीय बजट 2024 पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम पहले से कहते आए हैं कि सरकार किसानों, गरीबों और दलितों के लिए कुछ करे लेकिन यह सरकार सिर्फ अपने फायदे के लिए काम करती है। बजट आने दीजिए। सच में वे क्या करने वाले हैं पता चलेगा। हर जगह बाढ़ की स्थिति है। उसके लिए सरकार कितना अधिक बजट देगी वो भी देखने वाली बात है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि बजट में महंगाई कम होनी चाहिए। दवा के दाम बढ़ गए हैं। इस बजट में जीवन रक्षक दवाइयां और खाने की चीजों के दाम कम होने चाहिए। महंगाई पर काबू करें और रोजगार के अवसर विकसित करें। (Union Budget 2024)
सीतारमण को महंगाई दिखती ही नहीं: गोगोई
वहीं कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार द्वारा आर्थिक सर्वे प्रकाशित किया गया है, लेकिन यह आर्थिक सर्वेक्षण जमीनी हकीकत से पूरी तरह परे है। आर्थिक सर्वेक्षण में सरकार का पक्ष ‘सब चंगा सी’ जैसा है। जबकि वास्तव में लोगों की हालत अच्छी नहीं है। सरकार आज भी महंगाई पर काबू नहीं पा सकी है। अमीरों को महंगाई से कोई मतलब नहीं है, लेकिन गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए यह बहुत बड़ी समस्या है। आज गरीब और मध्यम वर्ग को ‘मोदी मतलब महंगाई’ दिख रहा है। महंगाई कब कम होगी, इसका जवाब आर्थिक सर्वेक्षण में नहीं मिलता। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को महंगाई दिखती ही नहीं। (Union Budget 2024)



