आज बस्तर जिले के दौरे पर रहेंगे CM विष्णुदेव साय, महतारी वंदन योजना की 6वीं किश्त करेंगे जारी
CM Sai Bastar Tour: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज (1 अगस्त) बस्तर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री सुबह 11.20 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल से राजकीय विमान द्वारा बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के लिए रवाना होकर 12.05 बजे मां दंतेश्वरी विमानतल जगदलपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री जगदलपुर में दोपहर 12.10 बजे राजस्व कार्यालय परिसर जगदलपुर का लोकार्पण और महारानी अस्पताल में अन्नपूर्णा रसोई का शुभारंभ करेंगे। CM साय दोपहर 12.40 बजे शहीद गुंडाधूर कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय महिला सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां महतारी वंदन योजना की 6वीं किश्त जारी करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2.30 बजे जगदलपुर से रवाना होकर 3.20 बजे रायपुर लौट आएंगे।
यह भी पढ़ें:- LPG Price Hike On 1 August : पहली तारीख को महंगाई की खुराक, बढ़ गए हैं गैस सिलेंडर के दाम, जानिए नई कीमत
बता दें कि CM साय प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत 1000-1000 रुपए की 6वीं किश्त जारी कर राखी त्यौहार का उपहार देंगे। इस मौके पर वे महतारी वंदन एप का भी शुभारंभ करेंगे। गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख विवाहित महिलाओं को उनके आर्थिक सशक्तिकरण के मद्देनजर राज्य सरकार की ओर से हर महीने एक-एक हजार रुपए की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री साय 2752 महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों के संचालन के लिए वित्तीय समावेशन के तहत 100 करोड़ का बैंक लोन का भी वितरित करेंगे। (CM Sai Bastar Tour)
महतारी वंदन मोबाइल एप का करेंगे शुभारंभ
कार्यक्रम में शहीद गुंडाधूर की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही नारी शक्ति से जल शक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री साय एक पेड़ मां के नाम महावृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर महतारी वंदन योजना के हितग्राही के साथ ही उद्योग विभाग, श्रम विभाग समेत अन्य विभाग के हितग्राहियों को भी सामग्री वितरण किया जाएगा। महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन को और सुदृढ़ बनाने के लिए महतारी वंदन मोबाइल एप का भी शुभारंभ किया जा रहा है। इस एप के माध्यम से हितग्राहियों को प्रतिमाह हुए भुगतान और यह राशि किस खाते में प्राप्त हुई है। इसकी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। (CM Sai Bastar Tour)



