PM नरेंद्र मोदी ने किया वायनाड का दौरा, चुनौती से उबरने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन

PM Modi in Wayanad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने भूस्खलन की उत्पत्ति देखी, जो इरुवाझिंजी पुझा (नदी) के उद्गम स्थल पर है। PM मोदी ने पुंचिरिमट्टम, मुंडक्कई और चूरलमाला के सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने भूस्खलन से प्रभावित पीड़ितों और अन्य लोगों से मुलाकात की। साथ ही राहत शिविर का भी दौरा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भूस्खलन में घायल हुए लोगों से WIMS अस्पताल में मुलाकात की और कहा कि हम इस दुखद घड़ी में वायनाड और केरल के लोगों के साथ खड़े हैं। हम इस चुनौती से उबरने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन देते हैं।
यह भी पढ़ें:- Bangladesh Violence: हो रहा है महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, मंदिर तोड़े-जलाए जा रहे हैं, हिंदुओं को बचाए सरकार : प्रीति जिंटा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड भूस्खलन घटना और चल रहे राहत प्रयासों पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी उपस्थित रहें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैंने जब से इस आपदा के बारे में सुना तब से मैं यहां पर संपर्क में रहा और पल-पल की जानकारी लेता रहा। केंद्र सरकार के जितने भी अंग है, जो भी इस स्थिति में काम आ सकते हैं उसे तुरंत काम पर लगाया गया, जो परिवार इसमें घिरे हैं उनकी सहायता करना। यह त्रासदी सामान्य नहीं है। सैकड़ों परिवार के सपने उजड़ गए हैं। (PM Modi in Wayanad)
उन्होंने कहा कि प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाया है मैंने वहां जाकर परिस्थिति को देखा। मैं पीड़ितों से भी मिला। मैं अस्पताल में भी उन सभी मरीज से मिला हूं जो इस आपदा के कारण अनेक प्रकार की चोट के कारण मुसीबत का समय बिता रहे हैं। ऐसे संकट के समय जब हम साथ मिलकर काम करते हैं तो उत्तम परिणाम मिलता है। भारत सरकार और देश इस संकट में यहां के पीड़ितों के साथ है। मैं विश्वास दिलाता हूं सभी पीड़ितों और उनके परिजनों को हम सब इस संकट में उनके साथ हैं। सरकार में नीति नियमों के तहत सहायता राशि दी गई है हम और भी राशि देने की कवायद करेंगे। बहुत ही उदारता पूर्वक सभी समस्याओं के समाधान के लिए केरल सरकार के साथ भारत सरकार खड़ी रहेगी। (PM Modi in Wayanad)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छोटे बच्चों और जिन्होंने अपनो को खोया है उनके लिए एक लंबे समय तक की योजना बनाने का निर्णय लिया है। 1979 में जब गुजरात के मोरबी में बारिश के बाद डैम नष्ट हुआ था और उसका सारा पानी शहर में घुस गया था, 2500 से ज्यादा लोग इससे प्रभावित हुए थे। उस समय मैंने वॉलेंटियर के रूप में कार्य किया था और मैं ऐसी आपदा की परिस्थिति को भलीभांति जानता हूं। केंद्र सरकार कोई भी कसर नहीं छोड़ेगी। हमारी ओर से पूरा सहयोग रहेगा। प्रधानमंत्री ने वायनाड के लोगों को आश्वासन दिया कि देश और केंद्र सरकार इस क्षेत्र में आजीविका बहाल करने में कोई भी कसर नहीं छोड़ेगी, चाहे वह घर हों, स्कूल हों, सड़क अवसंरचना हो या बच्चों का भविष्य हो। (PM Modi in Wayanad)

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र की ओर से आवश्यक समस्त सहयोग के साथ राज्य सरकार इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वायनाड दौरे को लेकर वायनाड की कलेक्टर मेघाश्री डी. आर. ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। प्रधानमंत्री ने आपदा से प्रभावित हुए लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने अस्पताल का भी दौरा किया। इसके बाद हमने उन्हें आपदा से संबंधित एक प्रस्तुति दिखाई, प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के कामों की सराहना भी की और आपदा से संबंधित सभी कार्यों पर हुई चर्चा को ध्यानपूर्वक सुना और परामर्श किया। (PM Modi in Wayanad)



