PM मोदी के वायनाड दौरे पर कांग्रेस का तंज, मणिपुर जाने की दी सलाह
Congress on PM Modi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वायनाड दौरा करने पर आभार जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- PM मोदी वायनाड में आकर इस भयानक त्रासदी का व्यक्तिगत रूप से जायजा लेने के लिए आपका धन्यवाद। यह एक अच्छा निर्णय है। मुझे पूरा विश्वास है कि एक बार जब प्रधानमंत्री तबाही की भयावहता को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे तो वे इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर देंगे।
यह भी पढ़ें:- PM नरेंद्र मोदी ने किया वायनाड का दौरा, चुनौती से उबरने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन
वहीं उत्तरप्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने PM मोदी के वायनाड दौरे पर निशाना साधा है। राय ने कहा कि उन्होंने देर कर दी। उन्हें तो सबसे पहले वायनाड पहुंचना चाहिए था। राहुल गांधी के वहां जाने के बाद हमारी वहां की टीम ने बहुत काम किया। मैं PM मोदी से इतना जरूर कहना चाहूंगा कि वे वाराणसी कब जाएंगे? अपने मतदाताओं और उन्हें तीन बार सांसद बनाने वाली जनता का हाल लेने के लिए वे काशी कब जाएंगे। देश और वाराणसी की जनता जानना चाहती है। (Congress on PM Modi)
मणिपुर जाने की सलाह
वहीं कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि वायनाड में जो भूस्खलन हुआ, उसमें 300 से ज्यादा लोग मारे गए, उसे लेकर हमारी और राहुल गांधी की मांग थी कि इसे एक राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायनाड गए हैं, जो कि अच्छा है, लेकिन अगर वे मणिपुर भी जाएं तो अच्छा होगा। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने भूस्खलन की उत्पत्ति देखी, जो इरुवाझिंजी पुझा (नदी) के उद्गम स्थल पर है। PM मोदी ने पुंचिरिमट्टम, मुंडक्कई और चूरलमाला के सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने भूस्खलन से प्रभावित पीड़ितों और अन्य लोगों से मुलाकात की। साथ ही राहत शिविर का भी दौरा किया। (Congress on PM Modi)



