Bharat Bandh : आज भारत बंद, जानें किन दलों का मिला समर्थन, क्या खुलेगा और किस पर रहेगी रोक, पढ़े पूरी खबर
Bharat Bandh : एससी और एसटी में क्रीमीलेयर के लिए आरक्षण को लेकर आज यानी 21अगस्त को भारत बंद का ऐलान किया गया है. क्रीमीलेयर के लिए रिजर्वेशन पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ कई दलित और आदिवासी संगठनों ने इस बंद का ऐलान किया. उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए कई मांगो की एक लिस्ट भी जारी की है. भारत बंद को संगठनों के साथ-साथ अब कई राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिल गया है.
यह भी पढ़ें:- कृषि में आधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग से किसानों को होगा फायदा: केंद्रीय मंत्री शिवराज
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एससी-एसटी आरक्षण में क्रीमीलेयर को लेकर एक फैसला सुनाया था. इस दौरान कोर्ट ने कहा था कि सभी एससी और एसटी जातियां और जनजातियां एक समान वर्ग नहीं हैं. कुछ जातियां अधिक पिछड़ी हो सकती हैं. अपनी बात को समझाने के लिए कोर्ट ने उदाहरण देते हुए बताया कि सीवर की सफाई और बुनकर का काम करने वाले है. फिर भी इन दोनों की जातियां एससी में आती हैं, लेकिन इस जाति के लोग बाकियों से अधिक भी पिछड़े हैं.
कोर्ट ने आगे कहा इन लोगों के उत्थान के लिए राज्य सरकारें एससी-एसटी आरक्षण का वर्गीकरण यानी सब-क्लासिफिकेशन कर सकती हैं और अलग से कोटा निर्धारित कर सकती है. ऐसा करना संविधान के आर्टिकल-341 के खिलाफ नहीं है. हालांकि कोर्ट ने ये कहते हुए एक हिदायत भी दी और कहा कि राज्य सरकारें मनमर्जी से यह फैसला नहीं कर सकतीं हैं. इसमें भी कुछ शर्तें भी लागू होंगी.
Bharat Bandh में कौन-कौन शामिल?
आज के भारत बंद को कम से कम तीन राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है. मायावती की बसपा (BSP), हेमंत सोरेन की जेएमएम (JMM) और लालू प्रसाद याद की पार्टी राजद (RJD) इस बंद के समर्थन में है. साथ ही भीम आर्मी ने भी इसका समर्थन किया है. भीम आर्मी जगह-जगह सुबह से जुलूस निकाल रही है.
Bharat Bandh का सुबह से दिखने लगा असर
भारत बंद को सफल बनाने को लेकर भीम आर्मी की तरफ से औरंगाबाद के रफीगंज में मशाल जुलूस निकाला गया. जुलूस में शामिल भीम आर्मी के सदस्यों ने बताया कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण में क्रीमी लेयर तथा कोटा के अंदर कोटा के खिलाफ 21 अगस्त को भारत बंद का आह्वान किया गया है.
भारत बंद पर क्या रहेगा प्रभावित
भारत बंद पर फिलहाल अभी तक किसी भी राज्य सरकार ने आधिकारिक तौर पर कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किया है. हालांकि इसके बावजूद पुलिस प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है. विरोध प्रदर्शन के दौरान जनता की सुरक्षा के लिए आला अधिकारी सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं. भारत बंद के दौरान परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं. कुछ जगहों पर निजी दफ्तर भी बंद किए जा सकते हैं.
ये सेवाएं रहेंगी जारी
21 अगस्त को भारत बंद के दौरान अस्पताल और एंबुलेंस जैसी आपातकाल सेवाएं चालू रहेंगी. बैंक और सरकारी कार्यालय बंद रखने पर अभी तक सरकार ने कोई आदेश जारी नहीं किया है. ऐसे में माना जा रहा है कि बुधवार को बैंक और सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे.



