मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल देंगे इस्तीफा, दिल्ली में की CM पद छोड़ने की घोषणा

Delhi CM Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने एक किताब पढ़ी भगत सिंह की जेल डायरी। जब भगत सिंह जेल में थे तब उन्होंने कई लेख लिखे थे वो सब इस किताब में है। उन्होंने कई खत अपने साथियों को लिखा और अंग्रेजों ने सारे खत पहुंचाया। मैंने जेल से LG को एक पत्र लिखा था कि स्वतंत्रता दिवस पर आतिशी को झंडा फहराने की इजाजत दी जाए। वो चिट्ठी नहीं पहुंचाई गई और मुझे हिदायत दी गई थी दूसरी बार अगर आपने चिट्ठी लिखी तो आपको परिवार से मिलने नहीं दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में हर गरीब को मिलेगा पक्का आवास, जरूरतमंदों के लिए तेजी से हो रहा काम: साव
दिल्ली CM ने कहा कि अंग्रेजों ने भी नहीं सोचा था कि आजाद भारत में 95 साल के बाद अंग्रेजों से भी ज्यादा क्रूर और अत्याचारी शासक देश में आएगा। संदीप पाठक जब मुझसे मिलने आए और राजनीतिक बातें की तब उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। भगत सिंह जब फांसी पर चढ़े उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि एक ऐसा भारत होगा। 95 साल बाद देश में क्रूर और अत्याचारी सरकार आएगी कि अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ देगी। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि मैं 2 दिन बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। जब तक जनता अपना फैसला नहीं दे देती, मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा। मैं हर घर और गली में जाऊंगा और जब तक जनता का फैसला नहीं मिल जाता, तब तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा। (Delhi CM Kejriwal)
CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने एक और नया फॉर्मूला बनाया है, जहां-जहां ये चुनाव हारे वहां-वहां के मुख्यमंत्री पर फर्जी केस करके गिरफ्तार कर लो और उसकी सरकार गिरा दो। इन्होंने सिद्धारमैया, पिनाराई विजयन, ममता दीदी पर केस कर रखे हैं। ये एक विपक्ष के मुख्यमंत्री को नहीं छोड़ते सभी पर फर्जी केस करके जेल में डालते हैं और सरकार गिरा देते हैं। मैं देश के सारे गैर भाजपा मुख्यमंत्रियों से हाथ जोड़ कर विनती करना चाहता हूं अब अगर प्रधानमंत्री फर्जी केस करके आपको जेल में डालें तो इस्तीफा मत देना। किसी हालत में इस्तीफा मत देना, जेल से सरकार चलाना। ऐसा नहीं है कि हम पद के लालची हैं। इसलिए क्योंकि हमारे लिए हमारा संविधान जरूरी है जनतंत्र को बचाना जरूरी है। इतनी भारी बहुमत से चुनी सरकार को आप जेल में डालकर कहोगे इस्तीफा दे। (Delhi CM Kejriwal)
दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा देश का सबसे बड़ा राजनीतिक कुचक्र रच रही थी कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री और उसकी टीम को जेल में डालो और उसकी पूरी पार्टी को खत्म कर दो। अगर आप सच्चाई के रास्ते पर चल रहे हो तो आप ईश्वर के रास्ते पर चल रहे हो। जब आप ईश्वर के रास्ते पर चल रहे तो ईश्वर की ताकत आपके साथ होती है। आज ईश्वर की ताकत हम सबके साथ है। भाजपा वालों ने शराब घोटाला नाम की मनोहर कहानी लिखी थी उसका आखिरी पूर्ण विराम सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को जमानत देकर लगा दिया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि CM अरविंद केजरीवाल ने जेल से भी पार्टी को एकजुट रखा और बाहर कार्यकर्ताओं ने पार्टी को एकजुट रखा। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि AAP एक बहुत बड़े संघर्ष के दौर से गुजरी है, जहां भाजपा की केंद्र सरकार ने हर संभव कोशिश की AAP को दबाने की, AAP को तोड़ने की लेकिन उसकी हर कोशिश असफल हो गई। (Delhi CM Kejriwal)



