Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस भारत की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के ठाणे में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया है। ये सिर्फ मराठी और महाराष्ट्र का सम्मान नहीं है, बल्कि ये उस परंपरा का सम्मान है, जिसने इस देश को ज्ञान, दर्शन, अध्यात्म और साहित्य की समृद्ध संस्कृति दी है। मैं इसके लिए देश और दुनिया में मराठी बोलने वालों को बधाई देता हूं। महायुति सरकार ने मुंबई MMR में 33,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं की शुरुआत की है। इसके अलावा 12,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल का शिलान्यास किया गया है। ये विकास कार्य मुंबई और ठाणे को आधुनिक पहचान देंगे।

यह भी पढ़ें:- नवरात्रि में PM मोदी की किसानों को सौगात, सम्मान निधि की 18वीं किस्त जारी

PM मोदी ने कहा कि ठाणे से बाबा साहेब ठाकरे का खास लगाव था। ये स्वर्गीय आनंद दिघे का भी शहर है। इस शहर ने देश को आनंदी बाई जोशी जैसी देश की पहली महिला डॉक्टर दी थी। हम इन विकासकार्यों के जरिए इन महान विभूतियों के संकल्प को भी पूरा कर रहे हैं। मैं इन सभी विकासकार्यों के लिए महाराष्ट्र के सभी लोगों को बधाई देता हूं। आज हर भारतवासी का एक ही लक्ष्य है, ‘विकसित भारत’… इसलिए हमारी सरकार का हर निर्णय, हर संकल्प, हर सपना ‘विकसित भारत’ के लिए समर्पित है। मुंबई में मेट्रो लाइन-3 की शुरुआत देवेन्द्र फडणवीस के मुख्यमंत्री रहते हुई थी। इसका 60 प्रतिशत काम उनके कार्यकाल में हो भी गया था, लेकिन फिर महाअघाड़ी की सरकार आ गई। (PM Modi on Congress)

कांग्रेस के एक CM का जमीन घोटाले में नाम: PM

उन्होंने कहा कि महाअघाड़ी वालों ने अपने अहंकार में मेट्रो का काम लटका दिया। 2.5 साल तक काम अटके रहने से प्रोजेक्ट की कीमत 14 हजार करोड़ रुपए बढ़ गई। आज एक तरफ महायुति सरकार है, जो महाराष्ट्र के विकास को ही अपना लक्ष्य मानती है। दूसरी ओर कांग्रेस और महाअघाड़ी वाले लोग हैं, उन्हें जब भी मौका मिलता है, वो विकास के काम को ठप्प कर देते हैं। आप पिछले एक हफ्ते का हाल देख लीजिए। कांग्रेस के एक CM का जमीन घोटाले में नाम आया है। उनके एक मंत्री महिलाओं को गालियां दे रहे हैं, उनको अप​मानित कर रहे हैं। हरियाणा में कांग्रेस का एक नेता ड्रग्स के साथ पकड़ा गया है। कांग्रेस चुनाव में बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सरकार बनने पर जनता के शोषण का नया नया तरीका खोजती है। (PM Modi on Congress)

नए-नए टैक्स लगाकर अपने घोटाले: PM मोदी

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि आए दिन, नए-नए टैक्स लगाकर अपने घोटालों के लिए पैसा जुटाना ही इनका एजेंडा है। कांग्रेस, भारत की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी है। चाहे कोई भी दौर हो, कोई भी राज्य हो, कांग्रेस का चरित्र नहीं बदलता। हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने तो हद ही कर ही है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने टॉयलेट टैक्स लगाया है। एक ओर मोदी कह रहा है- टॉयलेट बनाओ और ये कह रहे हैं- हम टॉयलेट पर टैक्स लगाएंगे, यानी कांग्रेस लूट और फरेब का पूरा पैकेज है। कांग्रेस जानती है कि उनका वोट बैंक तो एक रहेगा, लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे। कांग्रेस और उनके साथियों का एक ही मिशन है, समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो। इसलिए हमारी एकता को ही देश की ढाल बनाना है। (PM Modi on Congress)

इसी साल होंगे महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें याद रखना है कि अगर हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे। हमें कांग्रेस और अघाड़ी वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है। आज कांग्रेस का असली रंग खुल कर सामने आ गया है। कांग्रेस को अब अर्बन नक्सल का गैंग चला रहा है। पूरी दुनिया में जो लोग भारत को आगे बढ़ने से रोकना चाहते हैं, कांग्रेस अब खुलकर उनके साथ खड़ी है। इसलिए अपनी घोर असफलता के बावजूद कांग्रेस, सरकार बनाने का सपना देख रही है। बता दें कि PM मोदी ने महाराष्ट्र में करोड़ों के विकासकार्यों की सौगात दी है। महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने महाराष्ट्र का दौरा करने शुरू कर दिया है। (PM Modi on Congress)

Back to top button
error: Content is protected !!