Google Analytics —— Meta Pixel

BJP की नीयत साफ नहीं थी इसलिए शिवाजी महाराज की मूर्ति टूटी: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul Gandhi in Maharashtra: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर के भगवा चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने जीवन भर अन्याय के खिलाफ, न्याय का युद्ध लड़ा और सत्य की राह पर चलने की बात सिखाई। हम उन्हीं के रास्ते पर चलकर लोगों के ‘न्याय के हक’ की लड़ाई लड़ते रहेंगे। राहुल ने कहा कि कोई मूर्ति तब बनाई जाती है, जब हम किसी व्यक्ति की विचारधारा और उनके कर्मों का दिल से समर्थन करते हैं। जब हम शिवाजी की मूर्ति का उद्घाटन कर रहे हैं तो ये वचन भी लेना चाहिए कि शिवाजी महाराज पूरा जीवन जिस तरह जिए और जिन बातों के लिए लड़े, हमें भी उन चीजों के लिए लड़ना चाहिए।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस भारत की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

कांग्रेस सांसद ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने संदेश दिया था कि देश सब का है, सभी को साथ लेकर चलना है और अन्याय नहीं करना है। आज ‘संविधान’ शिवाजी महाराज की सोच का चिह्न है। शिवाजी महाराज की सोच से ही संविधान बना है, क्योंकि इसमें हर वो बात है, जिसके लिए वह पूरी जिंदगी लड़े। हिंदुस्तान में आज दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक विचारधारा- संविधान की रक्षा करती है, समानता और एकता की बात करती है। यह शिवाजी महाराज की विचारधारा है। दूसरी विचारधारा- शिवाजी महाराज की विचारधारा के संविधान को खत्म करने में लगी है। लोगों की डराती और धमकाती हैं। संविधान को बचाने की लड़ाई नई नहीं हैं। (Rahul Gandhi in Maharashtra)

राहुल गांधी ने BJP पर जमकर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि जिस विचारधारा से शिवाजी महाराज लड़े, उसी विचारधारा से कांग्रेस पार्टी लड़ रही है। BJP ने शिवाजी महाराज की मूर्ति बनाई, जो कुछ दिन में टूटकर गिर गई। ये संदेश था कि अगर शिवाजी महाराज की मूर्ति बनाएंगे तो उनकी विचारधारा की रक्षा भी करनी पड़ेगी। क्योंकि BJP के लोग शिवाजी महाराज की मूर्ति के सामने हाथ तो जोड़ते हैं, लेकिन 24 घंटा उनकी सोच के खिलाफ काम करते हैं। जब अगली बार आपके पास BJP के लोग आएं और कहें कि मैं शिवाजी महाराज को मानता हूं। तो आप उनसे पूछिए कि- आप शिवाजी की मूर्ति के सामने तो हाथ जोड़ते हैं, लेकिन क्या आप संविधान की रक्षा करते हैं क्या? क्योंकि अगर आप संविधान की रक्षा नहीं करते हैं, तो मूर्ति के सामने हाथ जोड़ने का कोई फायदा नहीं है। (Rahul Gandhi in Maharashtra)

शाहूजी महाराज को दी श्रद्धांजलि

सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए मेरा एक ही संदेश है कि आपका काम शिवाजी महाराज की विचारधारा और संविधान की रक्षा करने का है। शिवाजी महाराज साहस, संवेदना और न्याय की प्रतिमूर्ति थे – कांग्रेस पार्टी और INDIA शिवाजी महाराज के दिखाए रास्ते पर चल कर उनकी विचारधारा की रक्षा कर रहे हैं, क्योंकि उनकी सोच ही भारत के संविधान में समाहित है। भाजपा उसी विचारधारा के विरुद्ध खड़ी हो कर संविधान को नष्ट करने की कोशिश में लगी है। नीयत के इसी फर्क के कारण उनके द्वारा बनाई छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति तक ने खंडित हो कर उनका साथ छोड़ दिया। शिवाजी महाराज की सोच दिल में ले कर चल रहा हूं – देश के संविधान, संस्थाओं और गरीबों की रक्षा की लड़ाई लड़ता रहूंगा। राहुल गांधी ने छत्रपति शाहूजी महाराज को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। (Rahul Gandhi in Maharashtra)        

Back to top button
error: Content is protected !!