महादेव सट्टा अभी भी चल रहा है सांय-सांय: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Bhupesh on Satta App: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ऑनलाइन महादेव सट्टा एप और सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को लेकर साय सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देर आए, दुरुस्त आए। हालांकि मामला अभी भी अधूरा है। मीडिया से पता चला है कि महादेव सट्टा एप के संचालकों में से एक सौरभ चंद्राकर को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे भारत लाया जाएगा। तो रवि उप्पल कब पकड़ा जाएगा? और शुभम सोनी का क्या जो अपने आपको महादेव सट्टा एप का असली मालिक बताता है? हमारी सरकार ने ही महादेव सट्टा एप पर कार्रवाई शुरू की थी। हमने ही महादेव एप को गूगल के प्ले स्टोर से हटावाया था।
यह भी पढ़ें:- Delhi CM House : दिल्ली की सीएम आतिशी को मिल गया आवास, PWD ने अलॉट किया बंगला
पूर्व CM ने कहा कि हमारी सरकार में ही रायपुर पुलिस के आवेदन पर ही सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी में इतना समय क्यों लग गया? कौन बचाना चाहता है उनको? और उससे भी बड़ा सवाल यह है कि महादेव सट्टा एप अब तक क्यों और कैसे चल रहा है? डबल इंजन का कौन सा इंजन उसे प्रश्रय दे रहा है? पूर्व CM बघेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के ठीक पहले तो भाजपा शुभम सोनी नाम का झुनझुना लेकर आई थी, जो अपने आप को महादेव सट्टा एप का मालिक और सौरभ चंद्राकर-रवि उप्पल को अपना नौकर बताता था। तो क्या दुबई में नौकर की गिरफ्तारी की गई है? तो मालिक कब पकड़ा जाएगा? (Bhupesh on Satta App)
निष्पक्ष तरीके से जांच नहीं होने देगी भाजपा: बघेल
बघेल ने कहा कि सौरभ चंद्राकर और असीम दास के भाजपा नेताओं, पूर्व राज्यपाल से करीबी की चर्चा पूरे छत्तीसगढ़ समेत देशभर में है। असीम दास वही है, जिसके पास एक भाजपा नेता के भाई की गाड़ी थी और उसमें करोड़ों रुपए जब्त किए गए थे। ऐसे में तय है कि भाजपा इस जांच को निष्पक्ष तरीके से नहीं होने देगी। यह भी हो सकता है कि सट्टेबाजों से चंदा लेने वाली भाजपा इनसे कुछ लेन-देन कर सेटिंग कर ले। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं चाहूंगा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से एक जांच कमेटी गठित करके महादेव सट्टा एप, इसके राजनीतिक दलों और नेताओं से संबंध की जांच की जाए। (Bhupesh on Satta App)
अभी भी सांय-सांय चल रहा सट्टा एप: भूपेश
उन्होंने कहा कि आरोपियों से जबरदस्ती बयान दिलवा कर बदनाम करना जांच नहीं कहलाता है। विष्णु के सुशासन और मोदी की गारंटी से महादेव सट्टा अभी भी सांय-सांय चल रहा है। मैंने प्रधानमंत्री को दिसंबर 2023 में एक पत्र लिखकर सभी प्रकार की ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया था। हालांकि केंद्र सरकार कई प्रकार के सट्टे पर जीएसटी भी वसूल रही है, लेकिन समाचार पत्रों की जांच पड़ताल बता रही है कि यह सब अभी भी चल रहा है। तो क्या भाजपा इनसे चंदा ले रही है? अफवाह है कि पार्टनरशिप भी हो गई है। अगर नहीं तो ऑनलाइन सट्टे को भाजपा सरकार बंद क्यों नहीं कर रही है? (Bhupesh on Satta App)



