महासमुंद के बागबाहराकला की सरपंच पर 6 सालों के लिए चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध, पद से भी हटाया

Action on Baghbaharakala Sarpanch: महासमुंद के बागबाहराकला ग्राम पंचायत की सरपंच प्रीति सोनवानी को छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम 1993 की धारा 40 के अंतर्गत उनके कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में पद से हटा दिया गया है। बागबाहरा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और दंडाधिकारी उमेश साहू के दिए आदेशानुसार उन्हें अगले 6 सालों के लिए किसी भी निर्वाचन में भाग लेने से भी अयोग्य घोषित कर दिया गया है। जारी आदेश में ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत बागबाहरा के रिपोर्ट के अनुसार 17 जुलाई 2024 से प्रीति सोनवानी ग्राम पंचायत कार्यालय से लगातार अनुपस्थित थी।
यह भी पढ़ें:- दिवाली से ठीक पहले मंदिर में आतिशबाजी के दौरान दर्दनाक हादसा, 150 से अधिक लोग घायल
ग्राम पंचायत की महत्वपूर्ण बैठकों 29 जुलाई, 13 अगस्त और 9 सितंबर 2024 में उनकी गैरमौजूदगी ने पंचायत के कार्यों को बाधित किया। पंचायत की ओर से बताया गया कि सरपंच और उनके पति बिना किसी पूर्व सूचना के अपने बच्चों को रिश्तेदार के घर छोड़कर कहीं चले गए। उनके मोबाइल फोन बंद होने के कारण उनसे संपर्क करना भी संभव नहीं हो पाया। इस अनुपस्थिति के चलते पेंशन, राशन कार्ड, आय/जाति/निवास प्रमाण पत्र और निर्माण कार्य जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य ठप हो गए। सरपंच प्रीति सोनवानी को उनकी अनुपस्थिति पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनके निवास पर भी अनुपस्थित पाए जाने पर कोटवार के माध्यम से नोटिस पर अमल करवाई गई। (Action on Baghbaharakala Sarpanch)
चुनाव लड़ने पर 6 सालों तक बैन
नोटिस के जवाब न देने और पक्ष प्रस्तुत न करने के कारण एकपक्षीय कार्रवाई की गई। जनपद पंचायत बागबाहरा की जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और दंडाधिकारी ने फैसला दिया कि सरपंच ने अपने कर्तव्यों में गंभीर लापरवाही और पंचायत कार्यों में उदासीनता बरती है। यह छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम 1993 और नियम 1994 के तहत स्थायी समिति के सदस्यों की पदावधि और कार्य संचालन की प्रक्रिया का उल्लंघन है। धारा 40 (1) के तहत उन्हें सरपंच पद से अलग कर दिया गया है और धारा 40 (2) के तहत 6 साल के लिए निर्वाचन लड़ने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह कार्रवाई 24 अक्टूबर 2024 को न्यायालयीन हस्ताक्षर और मुहर के साथ जारी की गई। (Action on Baghbaharakala Sarpanch)



