जम्मू-कश्मीर मुठभेड़ में 2 आतंकी ढेर, ग्रेनेड हमले में शामिल 3 आतंकवादी भी गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर

Jammu Kashmir Encounter: जम्मू-कश्मीर के बारामूला के सोपोर में हुए मुठभेड़ में 2 आतंकवादी मारे गए हैं। दरअसल, सोपोर में 2-3 आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेना के जवानों ने सगीपोरा और पानीपोरा में सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान मुठभेड़ में दोनों ढेर हो गए। कश्मीर IGP वीके बिरदी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद समेत आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं। मामले की जांच जारी है। IGP ने बताया कि 3 नवंबर को श्रीनगर के टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर के पास संडे मार्केट में ग्रेनेड हमला करने वाले 3 लोकल आतंकियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ फिर कड़ा प्रहार, बीजापुर जिले में 3 नक्सली ढेर, पढ़ें पूरी खबर
बता दें कि हमले में 12 लोग घायल हुए थे। यह हमला लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने किया था। IGP वीके बिरदी के मुताबिक तीनों ने POK में मौजूद आतंकियों के कहने पर यह हमला किया था। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान उस्मा यासीन शेख, उमर फैयाज शेख और अफनान अहमद के रूप में हुई है, जो श्रीनगर के इखराजपोरा के रहने वाले हैं। तीनों के खिलाफ UAPA के तहत केस दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के CM बनने के बाद से आतंकी हमले बढ़ गए हैं। 7 नवंबर को किश्तवाड़ के अधवारी इलाके में आतंकियों ने 2 विलेज डिफेंस गार्ड्स की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आतंकियों ने मुंजला धार जंगल में मवेशियों को चराने गए विलेज डिफेंस गार्ड को पहले किडनैप किया। इसके बाद उन्हें गोली मारी थी। (Jammu Kashmir Encounter)
एक हफ्ते पहले हुई थी पिता की हत्या
मृतकों की पहचान ओहली-कुंतवाड़ा के विलेज डिफेंस गार्ड नजीर अहमद और कुलदीप कुमार के रूप में हुई। दोनों के शव 8 नवंबर को केशवान बेल्ट के पोंडगवारी इलाके में एक नाले के पास पड़े मिले थे। विलेज गार्ड पर हमले और हत्या की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कश्मीर टाइगर्स ग्रुप ने ली है। आतंकियों ने सोशल मीडिया पर लिखा- कश्मीर की आजादी तक जंग जारी रहेगी। आतंकियों ने एक हफ्ते पहले कुलदीप कुमार के पिता अमर चंद की हत्या की थी। 5 नवंबर को बांदीपोरा में एक आतंकी ढेर हुआ था। 1-2 नवंबर को श्रीनगर, बांदीपोरा और अनंतनाग में 3 एनकाउंटर हुए, जिसमें लश्कर कमांडर समेत 3 आतंकी ढेर हुए। (Jammu Kashmir Encounter)
20 अक्टूबर को हुई थी 5 लोगों की मौत
28 अक्टूबर को अखनूर में 3 आतंकी ढेर हुए। LoC के पास आतंकियों ने आर्मी एंबुलेंस पर फायरिंग की थी। इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। 24 अक्टूबर को बारामूला में आतंकियों ने सेना की गाड़ी पर हमला किया था, जिसमें 3 जवान शहीद हुए थे। 2 मजदूरों की भी मौत हुई थी। हमले की जिम्मेदारी PAFF संगठन ने ली थी। 24 अक्टूबर को पुलवामा जिले के बटगुंड में आंतकियों ने एक गैर कश्मीरी मजदूर पर गोली चलाई थी, जिससे वो घायल हो गया था। 20 अक्टूबर को गांदरबल के सोनमर्ग में हुए हमले में कश्मीर के डॉक्टर, MP के इंजीनियर और पंजाब-बिहार के 5 मजदूरों की मौत हुई थी। इसकी जिम्मेदारी लश्कर के संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली थी। 16 अक्टूबर को शोपियां में आतंकियों ने गैर-स्थानीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। (Jammu Kashmir Encounter)



