Google Analytics —— Meta Pixel

शरद पवार ने बेटी के लिए अजित पवार को विलेन बना दिया: डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस

Deputy CM Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा चुनाव से पहले कई मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने ‘बटेंगे तो कटेंगे’ नारे पर कहा कि मुझे योगी जी के नारे में कुछ भी गलत नहीं लगता। इस देश का इतिहास देख लीजिए, जब-जब इस देश को जातियों, प्रांतों और समुदायों में बांटा गया, यह देश गुलाम हुआ। महायुति के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर फडणवीस ने कहा कि हम(महायुति) बहुत आश्वत हैं कि हमारी सरकार बनेगी। हमने ये तय किया है कि परिणाम आने के बाद तीनों पार्टियां एक साथ बैठेंगी। ये तीनों मिलकर तय करेंगे कि किसको मुख्यमंत्री बनाना है। मैं तो इस पूरी प्रक्रिया में नहीं हूं। मैं अपनी पार्टी में एक क्षेत्रीय नेता हूं, यह सब राष्ट्रीय अध्यक्षों का खेल है।

यह भी पढ़ें:- जनजातीय गौरव दिवस में शामिल हुए राजस्व मंत्री वर्मा, बोले – हम संगठित होकर आगे बढ़ सकते हैं

डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने सवाल किया कि जब सरकार ने बालासाहेब ठाकरे को हिंदू हृदय सम्राट बताया है तो फिर उद्धव की सहयोगी कांग्रेस पार्टी ऐसा कहने से क्यों डर रही है? उन्हें शर्म क्यों आ रही है? राहुल गांधी को भूल जाइए, यहां तक कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने भी बालासाहेब ठाकरे को शिवसेना प्रमुख कहना शुरू कर दिया है। उन्होंने उन्हें हिंदू हृदय सम्राट कहना भी बंद कर दिया है। फडणवीस ने कहा कि मैंने पूरे महाराष्ट्र का दौरा किया है, मुझे बहुत सकारात्मक भावना दिख रही है। खासकर हमारी महिला-केंद्रित नीति के कारण, मुझे महिला मतदाताओं में बहुत सकारात्मकता दिख रही है। पहले हमारी रैलियों में 75% पुरुष और 25% महिलाएं शामिल होती थीं, अब 50% महिलाओं की भागीदारी देखी जाती है। (Deputy CM Devendra Fadnavis)

सकारात्मकता के कारण हमें बढ़त हासिल: फडणवीस

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इस सकारात्मकता के कारण हमें बढ़त हासिल है और हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। उलेमा बोर्ड के पत्र मामले पर कहा कि महाविकास अघाड़ी ने मुस्लिम उलेमाओं के तलवे चाटने शुरू कर दिए हैं। अभी उलेमा काउंसिल ने उन्हें अपना समर्थन देने की घोषणा की है, उन्होंने 17 मांगें रखी थीं और MVA ने औपचारिक पत्र दिया है कि हम उन 17 मांगों को स्वीकार करते हैं। मुझे उस पर कोई आपत्ति नहीं है, अगर कोई कोई मांग रखता है, अगर कोई कोई मांग मानता है। उनमें से एक मांग यह है कि 2012 से 2024 तक महाराष्ट्र में हुए दंगों के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों पर जो मामले दर्ज किए गए थे, उन्हें वापस लिया जाए। यह किस तरह की राजनीति है? (Deputy CM Devendra Fadnavis)

अजित पवार की टिप्पणी पर दिया जवाब

‘बटेंगे तो कटेंगे’ नारे पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार की टिप्पणी पर देवेंद्र ने कहा कि दशकों तक अजित पवार ऐसी विचारधाराओं के साथ रहे जो धर्मनिरपेक्ष और हिंदू विरोधी हैं। खुद को धर्मनिरपेक्ष कहने वालों में कोई वास्तविक धर्मनिरपेक्षता नहीं है। वे ऐसे लोगों के साथ रहे हैं जिनके लिए हिंदुत्व का विरोध करना ही धर्मनिरपेक्षता है। उन्हें जनता का मूड समझने में थोड़ा समय लगेगा। ये लोग या तो जनता की भावना को नहीं समझ पाए या इस बयान का मतलब नहीं समझ पाए या बोलते समय शायद कुछ और कहना चाहते थे। फडणवीस ने कहा कि हम कश्मीर के बारे में बात क्यों नहीं करेंगे? अगर मैं देशभक्त हूं तो मैं इतना संकीर्ण विचार कैसे रख सकता हूं कि कश्मीर के साथ कुछ भी हो जाए, मुझे चलेगा। कश्मीर हमारी पहचान का मामला है। (Deputy CM Devendra Fadnavis)

एक दिन पाकिस्तान पर भी भारतीय झंडा लहराएगा: डिप्टी CM

डिप्टी CM ने कहा कि उमर अब्दुल्ला को भी 7 दशकों के बाद पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में भारत के संविधान की शपथ लेनी पड़ी। हमारा एक सपना है, हम एक दिन ‘अखंड भारत’ बनाएंगे। एक दिन पाकिस्तान पर भी भारतीय झंडा लहराएगा। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे के बयान पर उन्होंने कहा कि राज ठाकरे हमारे मित्र भी हैं और वैचारिक रूप से जब से उन्होंने हिंदुत्व स्वीकारा है तब से वे हमारे करीब भी आए हैं। लोकसभा के चुनाव में बिना किसी शर्त के उन्होंने पीएम मोदी को एक प्रकार से समर्थन दिया। अब भले ही विधानसभा चुनाव में उनकी और हमारी विचारधारा समान हो लेकिन उन्हें अपनी पार्टी लानी…वे उनकी पार्टी का काम कर रहे हैं और हम अपनी पार्टी का काम कर रहे हैं। (Deputy CM Devendra Fadnavis)

फडणवीस ने राज ठाकरे को दिया जवाब

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे के महायुति में शामिल नहीं होने पर उन्होंने कहा कि महायुति में जगह नहीं है। हम तीन पार्टियां हैं, तीन पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा करते हुए इतना समय लगा, जहां तक उनकी शुभकामनाओं का सवाल है निश्चित रूप से मैं उनका धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने कोई अच्छी बात मेरे लिए कही हालांकि वे जो कह रहे हैं वो सही नहीं है। सही ये है कि हमारे तीन नेता मिलकर ही तय करेंगे कि कौन मुख्यमंत्री होगा। बता दें कि राज ठाकरे ने कहा था कि भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होगा और देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री होंगे। इसी का फडणवीस ने जवाब दिया। (Deputy CM Devendra Fadnavis)

देवेंद्र फडणवीस एक नट है: डिप्टी CM

डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि न तो मैं मुख्यमंत्री की दौड़ में हूं, न ही मैं अध्यक्ष की दौड़ में हूं। मैं ऐसी किसी दौड़ में नहीं हूं। भाजपा मेरा घर है, जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां। देवेंद्र फडणवीस ऐसा नट है, जो कहीं भी फिट होता है, जहां भी पार्टी इस नट को फिट कर दे यह वहां फिट हो जाएगा। उद्धव ठाकरे के लिए महायुति में दरवाजे बंद होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि निश्चित ही बंद हो गया है और इसकी जरूरत भी नहीं पड़ने वाली है। 2019 के चुनाव ने मुझे ये सिखाया है कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है। अब आवश्यकता नहीं पड़ेगी। लोग इस बार महायुति को निर्णायक बहुमत देंगे। (Deputy CM Devendra Fadnavis)

राहुल गांधी के आरोपों पर दिया जवाब

फडणवीस ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उद्योगों के गुजरात में चले जाने से महाराष्ट्र के युवाओं को, आदिवासियों को बंधुआ मजदूर बनकर बाकी राज्यों में जाना पड़ेगा वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि कर्नाटक में उनकी सरकार है, तो वहां कितना निवेश आ रहा है? जब हमारी सरकार थी, तो निवेश के मामले में वह शीर्ष पर था। उन्हें अपनी एक भी काम करने वाली सरकार दिखानी चाहिए। वे कर्नाटक के विज्ञापन महाराष्ट्र में छपवा रहे हैं, उनके महाराष्ट्र के नेता इतने असफल हैं कि वे उनका विज्ञापन भी नहीं छाप सकते। ‘परिवार और पार्टी टूटने को लेकर कहा कि मुझे नहीं लगता कि इसका कोई असर होगा। (Deputy CM Devendra Fadnavis)

जोड़ने-तोड़ने का नहीं होगा असर: फडणवीस

उन्होंने कहा कि अगर महाराष्ट्र में परिवार तोड़ने, जोड़ने, पार्टियों को तोड़ने, जोड़ने और फिर तोड़ने में कोई महारथी है तो वह शरद पवार हैं। अगर हम लिस्ट बनाएं कि 1978 से उन्होंने कितनी पार्टियों और परिवारों को तोड़ा है, तो उन्हें पार्टियों और परिवारों को तोड़ने का भीष्म पितामह कहना होगा, लेकिन ये जो दो पार्टियां टूटी उन्होंने नैरेटिव बनाने की कोशिश की कि भाजपा ने पार्टी तोड़ी पर लोगों को सच पता है। पार्टियां अपनी अति महत्वाकांक्षाओं के कारण टूटीं, उद्धव मुख्यमंत्री बनना चाहते थे, इसलिए उन्होंने हमसे नाता तोड़ लिया। मुख्यमंत्री बनने के बाद वे आदित्य ठाकरे को आगे लाना चाहते थे, इसलिए एक तरह से उन्होंने एकनाथ शिंदे को सफोकेट करने की कोशिश की, इसलिए एकनाथ शिंदे के पास कोई विकल्प नहीं बचा था। दूसरी तरफ शरद पवार ने 30 साल से पार्टी का नेतृत्व कर रहे अजित पवार को विलेन बना दिया, क्योंकि वे सुप्रिया ताई को नेतृत्व देना चाहते थे। अजित पवार के पास कोई विकल्प नहीं बचा था। यह व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के कारण हुआ। (Deputy CM Devendra Fadnavis)

सत्ता से बाहर रहो तो विरोध करो ये नीति: देवेंद्र

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शिवसेना (UBT) की हमेशा से नीति रही है कि सत्ता से बाहर रहो तो विरोध करो और जब सत्ता में आओ तो उसका समर्थन करो। उन्होंने विरोध किया और महाराष्ट्र में बनने वाली सबसे बड़ी रिफाइनरी को रद्द करवा दिया और जब वे मुख्यमंत्री बन गए तो उन्होंने यहां रिफाइनरी बनाने के लिए पत्र लिखा। इस धारावी प्रोजेक्ट में मैंने टेंडर जारी किया, जिस समय मैंने टेंडर अलॉट किया, उस समय अडानी जी नहीं थे लेकिन उस टेंडर को रद्द करने के बाद नए टेंडर की सारी शर्तें उद्धव ठाकरे ने तैयार की, उनकी कैबिनेट ने उसे मंजूरी दी। उन शर्तों के आधार पर टेंडर बनाया गया और अडानी उसमें सफल बिडर बने, इसलिए टेंडर उनके पास चला गया। हालांकि यह टेंडर अडानी कंपनी को नहीं मिला है, यह डीआरपी को दिया गया है जिसमें हमारी हिस्सेदारी है। डीआरपी में महाराष्ट्र सरकार एक हिस्सेदार है और डीआरपी ही सब कुछ कर रही है। इसलिए वे जो कह रहे हैं कि यह अडानी को दिया गया, यह गलत है। मैं पूरे दावे से कहता हूं कि अगर उनके समय में भी अडानी टेंडर में सफल बिडर होते तो क्या वे टेंडर नहीं देते, क्या उनकी अडानी के साथ बैठकें नहीं होतीं? (Deputy CM Devendra Fadnavis)

शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने पर दिया जवाब

डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे पहले दिन से पता था कि हम एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। हम यह दिखाना चाहते थे कि उद्धव ठाकरे के साथ जो हुआ, वह सत्ता के लिए नहीं था। उस समय मैंने पार्टी से कहा था कि अगर मैं इस सरकार में शामिल होऊंगा तो लोग सोचेंगे कि यह आदमी पदों का इतना लालची है कि 5 साल मुख्यमंत्री रहा और वापस किसी और पद पर जा रहा है, इसलिए मुझे बाहर रहने दिया जाए। मेरी पार्टी भी सहमत थी लेकिन बाद में जब शपथ ग्रहण समारोह का समय आया तो मेरे नेताओं ने मुझसे कहा कि अभी यह बहुत नाजुक सरकार है और ऐसे समय में एक अनुभवी व्यक्ति का सरकार में होना बहुत जरूरी है। इसलिए मैंने इसे अपना सम्मान समझा और सरकार में चला गया। (Deputy CM Devendra Fadnavis)

Back to top button
error: Content is protected !!