Assembly Election Results 2024 : झारखंड-महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ दल का बचेगा ताज या विपक्ष करेगा राज? आज आएगा जनादेश

Assembly Election Results 2024 : अब से कुछ ही देर में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती शुरू होने वाली है. महाराष्ट्र में एक चरण में सभी 288 सीटों पर मतदान हुआ था. जबकि 81 सीटों वाले झारखंड में दो चरणों में मतदान हुआ. दोनों राज्यों के नतीजे एक साथ आ रहे हैं. मतगणना कार्य की जानकारी भारत निर्वाचन आयोग के इंकोर काउंटिंग एप्लिकेशन में अपलोड की जाएगी, जिसे आमजन https://results.eci.gov.in लिंक के माध्यम से देख सकेंगे.
झारखंड और महाराष्ट्र में चुनाव नतीजों से पहले एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आए. ज्यादातर एग्जिट पोल महाराष्ट्र और झारखंड में एनडीए की सरकार बनाने के पक्ष में हैं. जबकि कुछ एग्जिट पोल झारखंड में त्रिशंकु और महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी की सरकार की संभावना भी जता रहे हैं.
सबकी नजर राज्य के मराठवाड़ा और विदर्भ के इलाकों पर है. इन दोनों क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव में भाजपा को झटका लगा था. वैसे तो अधिकतर एग्जिट पोल में महायुती को स्पष्ट बहुमत मिलने के बात कही गई है. लेकिन, बीते लोकसभा चुनाव में जिस तरह से राज्य के नतीजे आए थे उससे लगता है कि मुकाबला कांटे की है. राज्य की सभी सीटों के लिए एक चरण में 20 नवंबर को वोट डाले गए थे.
इस चुनाव से कई नेताओं और पार्टियों का भविष्य भी तय होगा. शिवसेना और एनसीपी दोफाड़ हो गई थी. अब उसके बाद से यह पहला चुनाव है. ऐसे में इस चुनाव से तय होगा कि असली शिवसेना और असली एनसीपी के असली उत्तराधिकारी कौन हैं. इस चुनाव में बड़ी संख्या में निर्दलीय और बागी भी मैदान में हैं. कई सीटों पर वे दोनों गठबंधनों के गणित बिगाड़ने वाले हैं.
2019 में कैसे थे नतीजे?
महाराष्ट्र में 288 सीटें हैं. बहुमत के लिए 145 सीटों की जरूरत है. 2019 विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र में बीजेपी ने 105 सीटें जीती थीं. जबकि शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं. तब शिवसेना और एनसीपी दो गुटों में नहीं बंटी थी. 2019 में राज्य में शिवसेना और बीजेपी साथ चुनाव लड़ी थी. जबकि एनसीपी और कांग्रेस एक साथ चुनाव मैदान में थे. शिवसेना-बीजेपी गठबंधन को बहुमत मिला था. लेकिन सीएम चेहरे को लेकर दोनों अलग हो गए थे. इसके बाद उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस और एनसीपी के समर्थन से सरकार बनाई थी. हालांकि, ये सरकार 2.5 साल चली. शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने 40 विधायकों के साथ बगावत कर दी थी और बीजेपी के समर्थन से सरकार में आ गए. बाद में एनसीपी भी दो गुटों में बंट गई. अजित पवार खेमा शिंदे-बीजेपी सरकार में शामिल हो गए.
2019 में झारखंड चुनाव के लिए वोटिंग 30 नवंबर को हुई थी और नतीजे 20 दिसंबर को आए थे. 81 सीटों वाले झारखंड में बहुमत के लिए 42 सीटें चाहिए. पिछले चुनाव में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन को इस चुनाव में जीत मिली थी. तब जेएमएम ने 30 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को 25 और कांग्रेस को 16 सीटें मिली थीं.
झारखंड में कौन सी पार्टी किस गठबंधन में?
झारखंड में एनडीएम में बीजेपी 68, AJSU 10, JDU 2 और लोजपा-1 पर चुनाव लड़ रही है. वहीं, INDIA गठबंधन में जेएमएम 43, कांग्रेस 30, RJD 6 और लेफ्ट पार्टियां 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं. (Assembly Election Results 2024)
महाराष्ट्र में कौन सी पार्टी किस गठबंधन में?
महायुति गठबंधन में शामिल भाजपा 149 सीट पर, शिवसेना 81 सीट पर और अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP ने 59 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. विपक्षी गठबंधन एमवीए में शामिल कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (उबाठा) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार उतारे हैं. राज ठाकरे की मनसे, बहुजन समाज पार्टी (बसपा), सपा और AIMIM समेत छोटे दल भी चुनाव मैदान में हैं. राज्य की 288 सीटों पर चुनाव में बसपा ने 237 उम्मीदवार और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार उतारे हैं. (Assembly Election Results 2024)



