छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से रोशन होंगे 25 हजार घर, हितग्राहियों ने कहा- सभी को लेना चाहिए इसका फायदा

PM Surya Ghar Yojana: बिलासपुर जिले के बोदरी निवासी अनुराग शर्मा ने लगभग 7 महीने पहले अपने घर की छत पर 7 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाया, तब से उन्हें बिजली के बिल की फिक्र नहीं करनी पड़ती है। पहले जहां वे हर महीने दो से पांच हजार का बिजली बिल दे रहे थे, वहीं अब बिल नहीं आ रहा है। उल्टे अतिरिक्त बिजली भी उत्पादित हो रही है। इसके लिए उन्हें सरकार से 78 हजार की सब्सिडी भी मिली है। इससे उन्हें आर्थिक बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही अच्छी योजना है। सभी को इसका फायदा लेना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग के 71 इंजीनियर्स का ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट
धमतरी जिले के पतंजलि नगर निवासी हेमंत साहू बताते हैं कि उन्होंने PM सूर्यघर योजना का लाभ लेने आवेदन दिया और एक महीने में ही उनका सौर पैनल लग गया। पहले जहां एक हजार रुपए बिजली बिल आता था, अब बिलकुल बिजली बिल नहीं पटाना पड़ रहा। वहीं गीता साहू कहती हैं कि वह योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के बाद अपनी स्कूटी भी निश्चित होकर चार्ज करती है। छत्तीसगढ़ में PM सूर्यघर योजना लगातार लोकप्रिय होते जा रही है। राज्य में 25 हजार घर सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। इस योजना का उद्देश्य लोगों को सस्ते दर पर स्थायी ऊर्जा मुहैय्या कराना है। सौर ऊर्जा का उपयोग न सिर्फ पर्यावरण के लिए बल्कि आर्थिक दृष्टिकोण से भी फायदेमंद है। (PM Surya Ghar Yojana)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में सौर पैनलों के माध्यम से घरेलू उपयोग के लिए बिजली का उत्पादन किया जाता है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ ही सौर पैनल इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जीवनशैली के सुधार के साथ ही पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। बता दें कि शहरी और ग्रामीण घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छतों पर रूफ टॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। (PM Surya Ghar Yojana)

यह सोलर प्लांट नेट मीटरिंग के जरिए विद्युत ग्रिड से जुड़ेगा, जिससे उपभोक्ता द्वारा अपनी खपत से ज्यादा उत्पादित बिजली ग्रिड में सप्लाई हो जाती है। इससे न सिर्फ उपभोक्ता के घर का बिजली बिल शून्य हो जाता है, बल्कि ग्रिड में दी गई बिजली के एवज में अतिरिक्त आमदनी भी मिल जाती है। इस योजना में प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है। इस योजना में 30 हजार रुपए से लेकर 78 हजार रुपए तक अनुदान भी दिया जा रहा है। pmsuryaghar.gov.in वेब पोर्टल या PM सूर्यघर एप में पंजीयन कर इस योजना का लाभ उठाया जा सकता है। भारत सरकार ने 29 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को मंजूरी दी थी, ताकि सौर क्षमता की हिस्सेदारी बढ़ाई जा सके। (PM Surya Ghar Yojana)




