हाथरस गैंगरेप केस को लेकर फिर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Congress on Hathras Case: उत्तरप्रदेश के हाथरस गैंगरेप केस को लेकर सियासत फिर गरमा गई है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद ने हाथरस रेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात की, जिसे लेकर उन्होंने कहा कि ये परिवार आज भी दहशत में है, जो इस बात का सबूत है कि दलितों को न्याय मिलना कितना मुश्किल हो गया है। हम परिवार के साथ हैं। इनका घर री-लोकेट करेंगे और हर जरूरी सहायता देंगे। राहुल ने सांसद में कहा था कि हाथरस रेप पीड़िता के परिवार को घर में बंद करके रखना और गैंगरेप के आरोपियों का खुलेआम घूमना बाबा साहेब के संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि BJP सरकार ने पीड़ित परिवार को दूसरी जगह घर देकर शिफ्ट करने का वादा भी पूरा नहीं किया है। हम अंबेडकर के संविधान को मानने वाले कांग्रेस और INDIA गठबंधन के लोग मिलकर उस परिवार की मदद करेंगे। मामले को लेकर महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने नई दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हाल ही में राहुल गांधी ने उत्तरप्रदेश के हाथरस में गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात की थी, लेकिन वहां जो तस्वीरें सामने आईं हैं, वो बेहद चिंताजनक हैं। वहां के जमीनी हालात उत्तर प्रदेश सरकार के सारे दावों को बेनकाब कर रहे हैं। (Congress on Hathras Case)
28 सितंबर को इलाज के दौरान मौत: लांबा
लांबा ने कहा कि यूपी सरकार ने TV इंटरव्यू में कहा था कि दलित बेटी का अंतिम संस्कार परिवार की सहमति और उपस्थिति में हुआ था, लेकिन सच्चाई ये है कि पुलिस और प्रशासन ने रात के अंधेरे में शव के ऊपर पेट्रोल डालकर उसे जला दिया। ये 14 सितंबर 2020 की घटना है। जब 4 युवाओं ने एक 19 साल की दलित बेटी का सामूहिक बलात्कार किया। 22 सितंबर को वो दलित बेटी खुद अपना बयान दर्ज करवाने जाती है। 28 सितंबर को दिल्ली में उस बेटी की इलाज के दौरान मौत हो जाती है और उसी दिन आनन-फानन में उसके शव को पेट्रोल डालकर जला दिया जाता है। 1 अक्टूबर को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार से मिलने का फैसला किया, लेकिन उन्हें DND फ्लायओवर पर रोक दिया गया। (Congress on Hathras Case)
लिखित में अनुमति लेनी पड़ती है: लांबा
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने हमें पीड़ित परिवार तक नहीं पहुंचने दिया, ताकि हम सच न जान सकें और उन्हें न्याय न दिला पाएं। हम सरकार के उस आश्वासन के साथ लौट आए कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा, लेकिन परिवार को आज तक कोई मुआवजा नहीं दिया गया। सरकार ने पीड़िता के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का वादा किया था- जो नहीं मिली। वादा था कि इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा- जो नहीं चलाया गया। पीड़ित परिवार को री-लोकेट करने का वादा था- ये वादा भी पूरा नहीं किया गया। 12 दिसंबर, 2024 को राहुल गांधी नेता विपक्ष के तौर पर हाथरस पहुंचे और सरकार के सारे दावों को बेनकाब कर दिया। राहुल गांधी को पता चला कि CRPF ने 4 साल से उन्हें बंदियों की तरह रखा हुआ है, उन्हें कहीं आने-जाने के लिए लिखित में अनुमति लेनी पड़ती है। (Congress on Hathras Case)
हम निभाएंगे पूरी जिम्मेदारी: अलका लांबा
अलका ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अगर सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएगी, तो हम उस परिवार के साथ खड़े रहेंगे। उन्हें री-लोकेट करने से लेकर, उन्हें सुरक्षा देने तक हम उनका साथ निभाएंगे। राहुल गांधी का पीड़ित परिवार से मिलना और उस बात को सदन में रखना, देश की उन सभी पीड़िताओं और उनके परिवारों के लिए उम्मीद को जिंदा रखना है। अगर मुख्यमंत्री सरेआम झूठ बोलते हैं और अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है तो यह पूरी सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़ा करता है। जब कोर्ट ने 2022 में यूपी सरकार से कहा कि आपने पीड़ित परिवार से अपना वादा पूरा क्यों नहीं किया, तब सरकार ने कहा कि हम वादे पूरे करने को बाध्य नहीं हैं। परिवार का कहना है कि केस में रेप की धारा हटा दी गई, इसीलिए तीन आरोपी बरी हो गए। जबकि पीड़िता ने मृत्यु से पहले लिखकर दिया था कि उसके साथ गैंगरेप हुआ है। परिवार सबूत मिटाने के आरोप भी लगाता है। जब पुलिस से पूछा जाता है कि रात में ढाई बजे क्या जला रहे हैं तो पुलिसवाले सच नहीं बोल पाए। (Congress on Hathras Case)
कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है: अलका
उन्होंने कहा कि आज देश में ऐसे कई मामले हैं, जिनकी सच्चाई को सत्ताधारी सामने आने से रोक रहे हैं। अगर राहुल गांधी हाथरस के पीड़ित परिवार से नहीं मिलते तो देश के सामने सच्चाई नहीं आती। बताया जा रहा है जब इन तीन आरोपियों को जेल से रिहा किया गया, तो उनका स्वागत फूल-मालाओं के साथ हुआ। यह कोई पहला मामला नहीं है। BHU में पढ़ने वाली बेटी के सामूहिक बलात्कारियों को रिहा करने पर भी उनका स्वागत फूल-मालाओं से हुआ था। बिलकिस बानों के आरोपियों को भी रिहा कर, उनका स्वागत फूल-माला से किया गया था। BJP की संस्कृति है- बेटियों को मत बचाओ, बलात्कारियों को बचाओ। यह देश के लिए बेहद गंभीर मुद्दा है। देश की आधी आबादी में जो हमारी पीड़ित बेटियां हैं, जो न्याय के लिए कोर्ट के चक्कर लगा रही हैं। हम उन तमाम बेटियों और उनके परिवारों को ये भरोसा दिलाते हैं कि आपको न्याय दिलाने तक पूरा कांग्रेस परिवार आपके साथ खड़ा है। (Congress on Hathras Case)



