आप-दा वालों ने दिल्ली के 10 साल बर्बाद कर दिए: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on AAP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रोहिणी में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम 2025 में हैं। 21वीं सदी को 25 साल बीत चुके हैं। यानी एक चौथाई सदी गुजर गई है। इस दौरान दिल्ली में नौजवानों की दो या तीन पीढ़ी जवान हो चुकी है। अब आने वाले 25 साल भारत के भविष्य के लिए दिल्ली के भविष्य के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। ये 25 साल भारत को विकसित राष्ट्र बनते हुए देखेंगे। हम उसके भागीदार होंगे। ये भारत को आधुनिकता के एक नए दौर से गुजरते हुए देखेंगे। विकसित भारत के इस सफर का एक बहुत बड़ा पड़ाव जल्द ही आने वाला है। जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा।
यह भी पढ़ें:- CM साय ने अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी से की मुलाकात, निवेश समेत कई मुद्दों को लेकर हुई चर्चा
PM मोदी ने कहा कि मैं दिल्लीवासियों से एक विशेष अनुरोध करना चाहता हूं। दिल्ली और आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मैं आपसे अनुरोध करने आया हूं कि आप भाजपा को एक अवसर प्रदान करें। पिछले 10 सालों में दिल्ली ने एक ऐसी राज्य सरकार देखी है, जो किसी AAP-दा से कम नहीं है। ये भाजपा ही है, जो दिल्ली का विकास कर सकती है। यह एहसास आज दिल्ली वालों को अच्छे से हो चुका है। इसलिए अब दिल्ली में एक ही आवाज गूंज रही है- आप-दा नहीं सहेंगे… बदल के रहेंगे। अब दिल्ली विकास की धारा चाहती है और मुझे खुशी है कि दिल्ली का विश्वास भाजपा पर है। भाजपा पर ये विश्वास इसलिए है, क्योंकि भाजपा सुशासन लाने वाली पार्टी है, भाजपा सेवाभाव से काम करने वाली पार्टी है, भाजपा सपनों को पूरा करने वाली पार्टी है। (PM Modi on AAP)
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि दिल्ली विधानसभा में भी कमल खिलने वाला है। मैं दिल्ली भाजपा के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि पूरी निष्ठा के साथ दिल्ली के हर कार्यकर्ता से मिलिए, उन्हें आने सालों के लिए भाजपा के संकल्प से परिचित कराइए। ये भाजपा ही है, जो दिल्ली को, दुनिया की बेहतरीन राजधानी का गौरव दिला सकती है। पिछले साल केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली में सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा और विकास संबंधी पहलों के लिए 75,000 करोड़ रुपये से ज्यादा आवंटित किए थे। हमारा उद्देश्य दिल्ली को एक ऐसी राजधानी में बदलना है, जो भारत की समृद्ध विरासत को दर्शाती हो और वैश्विक व्यवस्था के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए एक केंद्र के रूप में भी काम करे। दिल्ली को शहरी विकास के ऐसे मॉडल की जरूरत है, जो बाकी दुनिया के लिए एक मिसाल कायम करे। यह तभी हासिल किया जा सकता है जब भाजपा को राज्य और केंद्र दोनों पर शासन करने का मौका दिया जाए। (PM Modi on AAP)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम दिल्ली को दुनिया की ऐसी राजधानी बनाना चाहते हैं, जिसमें भारत की विरासत का विराट स्वरूप दिखे। नई वैश्विक व्यवस्थाओं का सेंटर हो। ये तब ही हो सकता है जब केंद्र और राज्य, दोनों में भाजपा सरकार काम करे, जिस आप-दा सरकार के पास दिल्ली के लिए कोई विजन न हो, जिसे दिल्ली की परवाह न हो, वह दिल्ली का विकास नहीं कर सकती है। दिल्ली को आधुनिक बनाने के लिए जितने भी काम हैं वो केंद्र की भाजपा सरकार ही कर रही है। नमो रेल परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा वित्तपोषित किया जा रहा है। दिल्ली और आसपास के शहरों में केंद्र सरकार छह और आठ लेन की सड़कें बना रही है। दिल्ली में यातायात की भीड़भाड़ को कम करने के लिए 55,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। (PM Modi on AAP)

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप-दा वालों ने दिल्ली के 10 साल बर्बाद कर दिए। आप-दा वालों को कोई भी दायित्व मिलने का मतलब है। दिल्ली के लोगों को दंड मिलना। जैसे दिल्ली मेट्रो चप्पे-चप्पे तक पहुंची, तो ये काम भाजपा की केंद्र सरकार ने किया है। बीते एक दशक में दिल्ली-एनसीआर में मेटो नेटवर्क दोगुने से भी ज्यादा हो चुके हैं। आज जनकपुरी और कृष्णा पार्क के लिए भी मेट्रो शुरू हो चुकी है। ये जो नमो रेल प्रोजेक्ट है ये भी केंद्र सरकार बना रही है। दिल्ली पर आप-दा लाने वाले ये झूठा आरोप लगाते हैं कि केंद्र सरकार उन्हें काम नहीं करने देती…केंद्र सरकार उन्हें पैसे नहीं देती… ये कितने बड़े झूठे हैं…इसका उदाहरण इनका शीशमहल है। (PM Modi on AAP)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज ही एक बड़े अखबार ने CAG रिपोर्ट के आधार पर शीश महल पर हुए खर्च का खुलासा किया है। जब दिल्ली के लोग कोरोनो से जूझ रहे थे, जब दिल्ली के लोग ऑक्सीजन और दवाओं के लिए भटक रहे थे. तब इन लोगों का पूरा फोकस अपना शीश महल बनवाने पर था। इन्होंने शीश महल का भारी भरकम बजट बनाया। यही इनकी सच्चाई है… इन्हें दिल्ली के लोगों का कोई परवाह नहीं है। इसलिए आज हर दिल्लीवासी कह रहे हैं… आप-दा नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे। दिल्ली के लिए इन लोगों ने हर सीज़न, हर मौसम, आप-दा काल बना दिया है। दिल्ली वालों की ऊर्जा, साल भर आप-दा से ही निपटने में लगी रहती है। इसलिए, दिल्ली से आप-दा हटेगी, तो ही विकास का, सुशासन का डबल इंजन आएगा। आप-दा वालों के काम का कोई हिसाब नहीं है, लेकिन इनके कारनामे बेहिसाब हैं। ये तब होता है जब नीयत में खोट होता है और जनता के प्रति निष्ठा नहीं होती है। ये आप-दा वाले दिल्ली चुनाव में अपनी हार सामने देखकर बौखला गए हैं, झूठ फैला रहे हैं। (PM Modi on AAP)
जनहित की कोई योजना बंद तो नहीं होगी: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में जनहित की कोई योजना बंद तो नहीं होगी, लेकिन जो उसमें बेईमानों का ठेका है उनको बाहर निकाला जाएगा। पिछले 10 साल में राज्य सरकार की योजनाएं, सिर्फ कागजों पर चली है। राजनीति में नीयत, निर्णय, नीति और निष्ठा… इनका बहुत महत्व होता है। लेकिन आप-दा वालों की नीयत और निष्ठा पर ही सबसे बड़ा सवाल है। जन-लोकपाल के मुद्दे पर इस पार्टी का जन्म हुआ। भ्रष्टाचार हटाना… ये उनका मुख्य मुद्दा था। लेकिन आज इस पार्टी के ज्यादातर नेताओं पर करोड़ों के भ्रष्टाचार के मुकदमें हैं। दिल्ली में शराब घोटाला किसने किया- आप-दा वालों ने, दिल्ली में स्कूल घोटाला किसने किया- आप-दा वालों ने। दिल्ली में गरीबों के इलाज के नाम पर किसने जनता के पैसे लूटे- आप-दा वालों ने। दिल्ली में प्रदूषण से लड़ाई के नाम पर किसने करोड़ों का खेल किया- आप-दा वालों ने। (PM Modi on AAP)



