Google Analytics —— Meta Pixel

वक्फ संशोधन बिल को लेकर ओवैसी की धमकी, मंत्री गिरिराज ने कहा- भारत का संविधान किसी के पिताजी का नहीं

Waqf Amendment Bill 2025: वक्फ संशोधन बिल को लेकर लोकसभा में AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सरकार को धमकी दी है। उन्होंने कहा कि मैं इस सरकार को सावधान और चेतावनी दे रहा हूं – अगर आप मौजूदा स्वरूप में वक्फ कानून लाते हैं और बनाते हैं, जो अनुच्छेद 25, 26 और 14 का उल्लंघन होगा तो इससे इस देश में सामाजिक अस्थिरता पैदा होगी। इसे पूरे मुस्लिम समुदाय ने खारिज कर दिया है। कोई भी वक्फ संपत्ति नहीं बचेगी, कुछ भी नहीं बचेगा। आप भारत को ‘विकसित भारत’ बनाना चाहते हैं, हम ‘विकसित भारत’ चाहते हैं।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh: चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर को एमसीएच सर्जिकल ऑन्कोलॉजी की तीन सीटों की मंजूरी

उन्होंने कहा कि आप इस देश को 80 और 90 के दशक की शुरुआत में वापस ले जाना चाहते हैं तो यह आपकी जिम्मेदारी होगी। क्योंकि एक गौरवशाली भारतीय मुसलमान के रूप में मैं अपनी मस्जिद का एक इंच भी नहीं खोऊंगा। मैं अपनी दरगाह का एक इंच भी नहीं खोऊंगा। मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। हम यहां आकर कूटनीतिक बातचीत नहीं करेंगे। यह वह सदन है, जहां मुझे खड़े होकर ईमानदारी से बोलना है कि मेरा समुदाय – हम गर्वित भारतीय हैं। यह मेरी संपत्ति है, किसी ने नहीं दी है। आप इसे मुझसे नहीं छीन सकते। वक्फ मेरे लिए पूजा का एक रूप है। (Waqf Amendment Bill 2025)

इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत का संविधान किसी के पिताजी का नहीं है। असदुद्दीन ओवैसी को इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, ये देश कानून से चलेगा। कोई भी समाज, चाहे वो मुस्लिम हो या हिंदू, कानून से ऊपर नहीं है। किसी को भी कानून से ऊपर बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, जो कानून कहेगा वह वक्फ बोर्ड में होगा। वे सामाजिक समानता के बारे में कांग्रेस से जाकर पूछें, कोई भी समाज कानून से ऊपर नहीं है। देश डर से नहीं चलता, देश कानून से चलता है। (Waqf Amendment Bill 2025)

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी चर्चा में आने के लिए कुछ भी बोल सकते हैं, लेकिन बिल राष्ट्रहित में है। वक्फ बोर्ड पर लोगों द्वारा अवैध कब्जा बंद होगा, वक्फ बोर्ड की वजह से किसी को कोई नुकसान नहीं होगा। भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि जब धारा 370 या 35-A की बात हो रही थी तो विरोध हो रहा था। तीन तलाक का भी इन लोगों ने विरोध किया, लेकिन सबका फायदा हुआ। इसी तरह से वक्फ का भी फायदा होगा। (Waqf Amendment Bill 2025)

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि जो फाइनल रिपोर्ट दी गई थी उसमें भाजपा सांसदों ने जो संशोधन दिए थे, वह पास हो गए, क्योंकि उनके पास नंबर थे, हम ये नहीं करवा पाए, क्योंकि हमारे पास नंबर नहीं थे। वक्फ बोर्ड मुसलमानों की उन संपत्तियों के लिए है, जो हमारे बुजुर्गों ने दान दिया था, उसमें आप गैर मुसलमान को सदस्य बना रहे हैं और उसमें चुनाव नहीं होगा, आप मनोनीत करेंगे। बाबरी मस्जिद और राम मंदिर मामले में वक्फ बाय यूजर को सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा था, उस जजमेंट के मुताबिक राम मंदिर बनाया गया, उस जजमेंट में सुप्रीम कोर्ट ने वक्फ बोर्ड के बारे में जो कहा था, उसके उलट सरकार काम कर रही है। जब हिंदू एंडोमेंट बोर्ड में गैर हिंदू सदस्य नहीं बन सकता, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में सिख ही सदस्य बन सकता है तो आप यहां गैर मुसलमान को क्यों बनाना चाह रहे हैं। सरकार वक्फ की संपत्ति छीनने की कोशिश कर रही है। सिर्फ नफरत के आधार पर मुसलमानों और वक्फ की संपत्ति छीनी जा रही है। (Waqf Amendment Bill 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!