जिंदगी में परीक्षा ही सब कुछ है, इस तरह के भाव से नहीं जीना चाहिए: PM नरेंद्र मोदी

Pariksha Pe Charcha 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के सुंदर नर्सरी में छात्रों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ की। छात्रों से बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे समाज में दुर्भाग्य से ये घुस गया कि अगर हम स्कूल में इतने नंबर नहीं लाए, 10वीं-12वीं में इतने नंबर नहीं आए तो जिंदगी तबाह हो जाएगी और इसलिए पूरे घर में तनाव हो जाता है। ऐसे में आपको खुद को तैयार करना है। इस तनाव को मन में ना लें और तय करें कि आपको आज कितना पढ़ना है। ये अगर आप कर लेते हैं, तो आप इस तनाव से खुद को निकाल सकते हैं। जिंदगी में परीक्षा ही सब कुछ है, इस तरह के भाव से नहीं जीना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- Firing in Raipur : राजधानी में वोटिंग से एक दिन पहले ही हवाई फायरिंग, दो बदमाश गिरफ्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आप सम्मान मांग नहीं सकते, आपको सम्मान कमाना पड़ेगा। इसके लिए आपको खुद को बदलना होगा। लीडरशीप थोपी नहीं जाती…लीडर बनने के लिए टीमवर्क सीखना बहुत जरूरी है, धैर्य बहुत आवश्यक होता है। आपको अपने साथियों के लिए मौजूद रहना होगा और इससे उनका विश्वास बढ़ेगा। अपने विचारों को व्यक्त करने के लिए लिखने की आदत विकसित करनी चाहिए। शिक्षक का काम प्रत्येक छात्र की अनूठी प्रतिभा को खोजना है। लोगों में अच्छाई खोजने से हर चीज में सकारात्मकता खोजने की आदत विकसित करने में मदद मिलेगी। समय प्रबंधन के लिए दिन भर के कामों को लिख लें और देखें कि कितने काम पूरे हुए हैं। (Pariksha Pe Charcha 2025)

PM मोदी ने कहा कि सबसे अमूल्य टिप है- लिव इन द मोमेंट…अगर वो पल चला गया तो पास्ट हो जाएगा, लेकिन अगर उस पल को हमने जी लिया, तो वो जिंदगी का हिस्सा बन जाता है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री पूरे भारत को अपना परिवार मानते हैं… छात्र जो परीक्षा देने जाते हैं उनके मन में अलग-अलग प्रकार के दबाव होते हैं। कैसे उन्हें इस दबाव से बाहर निकाला जाए इस दृष्टि से प्रधानमंत्री ने पिछले कई वर्षों से इस चर्चा की शुरूआत की है। इस बार का फॉर्मेट तो इतना इंगेजिंग था कि बच्चों को बहुत अच्छा भी लगा और साथ ही सीख भी मिली। मुझे नहीं लगता कि पूरी दुनिया में कोई राष्ट्राध्यक्ष या प्रधानमंत्री इस प्रकार की चर्चा करते होंगे जिसकी शुरूआत पीएम मोदी ने की है। मैं प्रधानमंत्री का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं। (Pariksha Pe Charcha 2025)

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा के दौरान देशभर के छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों से चर्चा की कि बच्चों को परीक्षा का तनाव नहीं लेना चाहिए और सभी को बहुत अच्छा संदेश दिया है। परीक्षा एक उत्सव है और करियर के लिए परीक्षाएं कितनी महत्वपूर्ण हैं, इसके बारे में भी बताया। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि PM ने छात्रों को भी संदेश दिया, अभिभावकों को भी संदेश दिया और शिक्षकों को भी संदेश दिया है। त्रिपुरा का भी एक छात्र वहां मौजूद था। उन्होंने परिवेश पर भी बात की और बताया की दबाव और तनाव के बिना कैसे परीक्षा देनी है। इससे छात्रों को काफी फायदा होगा। प्रधानमंत्री को मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। (Pariksha Pe Charcha 2025)



