दिल्ली के बाद पंजाब में भी AAP को लग सकता है बड़ा झटका, कांग्रेस ने कहा- हमारे संपर्क में है आम आदमी पार्टी के 30 विधायक

Congress on Punjab AAP: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। इस बीच पंजाब में भी उठा-पटक की राजनीति शुरू हो गई है। पंजाब के कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा है कि आम आदमी पार्टी के 30 विधायक उनके संपर्क में हैं। हालांकि AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सभी विधायकों को दिल्ली बुला लिया है। वे 11 फरवरी को सुबह 11 बजे कपूरथला भवन में सभी विधायकों से मिलेंगे। इस दौरान पंजाब के CM भगवंत मान और सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें:- फ्रांस दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, AI एक्शन समिट में होंगे शामिल, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से करेंगे मुलाकात
बता दें कि पंजाब में 2022 में 117 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे, जिसमें AAP ने 92, कांग्रेस 18, भाजपा 2, शिरोमणि अकाली दल 3 और बसपा ने एक सीट जीती थी। पंजाब में बहुमत का आंकड़ा 59 है। ऐसे में अगर 30 विधायक पार्टी छोड़ भी देते हैं तो AAP के पास 62 विधायक रहेंगे। इस तरह सरकार को कोई खतरा नहीं होगा। हालांकि AAP के प्रवक्ता नील गर्ग का कहना है कि दिल्ली में पार्टी की रूटीन मीटिंग होने जा रही है। पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने कहा कि AAP की केंद्रीय लीडरशिप को लेकर पंजाब के विधायकों के अंदर आक्रोश है। ये लोग पंजाब संसाधनों और स्रोतों पर कब्जा कर रहे हैं। राज्यसभा में इन्होंने पंजाब से बाहर के लोगों को भेजा है। (Congress on Punjab AAP)
कांग्रेस ने आप पर लगाए आरोप
कांग्रेस सांसद धर्मवीर ने कहा कि ये बहुत से तरीके से शोषण कर रहे हैं। यह मौकापरस्त लोग हैं। सिद्धांतवादी लोग पहले ही पार्टी छोड़ गए थे। इनके विधायक बीजेपी और कांग्रेस में कहीं भी जा सकते हैं। इनका पंजाब में कोई अस्तित्व नहीं बचा है। 2027 के विधानसभा चुनाव में यह सत्ता से बाहर होंगे। दिल्ली चुनाव में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत पूरी लीडरशिप ने अरविंद केजरीवाल के लिए वोट मांगे थे। इसके बाद भी पार्टी 22 सीटों पर ही सिमट गई। वहीं भाजपा ने 48 सीट जीतकर 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बना ली। चुनाव प्रचार के दौरान पंजाब के AAP नेताओं ने अपने कामों को गिनाया था। इनमें 50 हजार सरकारी नौकरी, 300 यूनिट फ्री बिजली, दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में 850 मोहल्ला क्लिनिक खोलने जैसी योजना शामिल थी। (Congress on Punjab AAP)
अब सिर्फ पंजाब में आप की सरकार
पंजाब CM भगवंत मान को AAP ने दिल्ली चुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाया था। इसलिए CM मान ने अपना काम करते हुए दिल्ली में कई रोड शो और रैली की। हालांकि AAP को कई सीटों पर नुकसान झेलना पड़ा, जहां मान ने प्रचार किया। दरअसल, AAP की सत्ता जाने का खतरा 2024 में ही मंडराने लगा था, जब लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने दिल्ली में एक भी सीट नहीं जीती थी। जबकि पंजाब में भी 13 में से सिर्फ 3 सीटों पर ही जीत हासिल कर पाई थी। 10 साल बाद दिल्ली हाथ से जाने के बाद अब AAP के लिए पंजाब काफी अहम हो गया है, क्योंकि पार्टी की सत्ता सिर्फ पंजाब में ही बची है। इसलिए केजरीवाल चाहते हैं कि पंजाब में ऐसे काम करें, जिससे दोबारा दिल्ली और दूसरे राज्यों में पार्टी के प्रभाव को बढ़ा सकें। पंजाब में चुनाव को अभी 2 साल बचे हैं। ऐसे में पार्टी अब कोई गलती करने के मूड में नहीं है। (Congress on Punjab AAP)



