केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोप-वे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, जानें कितना होगा खर्च
Union Cabinet Meeting : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 6,800 करोड़ रुपये से अधिक की संयुक्त लागत के साथ केदारनाथ और हेमकुंड साहिब की दो रोपवे परियोजनाओं को मंजूरी दी।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल: कई अधिकारियों के दायित्व बदले, दुर्ग और धमतरी के कलेक्टर भी बदले गए
कैबिनेट (Union Cabinet Meeting) के फैसलों के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए वैष्णव ने कहा कि 12.9 किलोमीटर लंबी केदारनाथ रोपवे परियोजना की लागत 4,081 करोड़ रुपये से अधिक होगी, जबकि 12.4 किलोमीटर लंबी हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना की लागत 2,730 करोड़ रुपये होगी। दोनों परियोजनाएं पर्वतमाला परियोजना का हिस्सा होंगी।
केदारनाथ की 8-9 घंटे की दूरी मात्र 36 मिनट में होगी पूरी
रोप-वे परियोजना केदारनाथ आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए एक वरदान होगी क्योंकि यह पर्यावरण के अनुकूल, आरामदायक और तेज़ कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और एक दिशा में यात्रा का समय लगभग 8 से 9 घंटे से घटाकर लगभग 36 मिनट कर देगी.
स्थानीय व्यवसायों को मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार के इस कदम से चारधाम यात्रा को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यवसायों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक वृद्धि को बल मिलेगा. इससे पूरे छह महीने तीर्थयात्रियों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे शुरुआती दो महीनों में संसाधनों पर अत्यधिक दबाव कम होगा. इतना ही नहीं यात्रा सीजन में रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होगी।
हेमकुंड साहिब में भी रोप वे प्रोजेक्ट
केदारनाथ रोपवे परियोजना उत्तराखंड रोपवे अधिनियम, 2014 के तहत संचालित होगी, जो लाइसेंसिंग, संचालन की निगरानी, सुरक्षा और किराया निर्धारण का कानूनी ढांचा प्रदान करता है. वहीं दूसरा प्रोजेक्ट हेमकुंड साहिब में रोप वे प्रोजेक्ट बनने का है, जिसके लिए 2730 करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट से हेमकुंड साहिब और वैली ऑफ फ्लावर तक की यात्रा की जा सकेगी।
केंद्रीय कैबिनेट (Union Cabinet Meeting) में तीसरा फैसला किसानों को लेकर हुआ है. पशुधन स्वास्थ्य और रोग रोकथाम के लिए सरकार ने 3880 करोड़ रुपया खर्च करने का फैसला किया है. इसके तहत पशुओं में होने वाली दो मुख्य बीमारियां खुरपका-मुंहपका रोग (FMD) और ब्रुसेलोसिस से निपटा जाएगा।



