विधानसभा में गलत जानकारी देने के मामले में कई अफसरों पर गिरी निलंबन की गाज, पढ़ें पूरी खबर
Forest Minister Kashyap Action: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र 2025 के दौरान कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश के इंदिरा निकुंज माना रोपणी में संचालित कुंवारादेव महिला स्व सहायता समूह के कार्य संचालन के संबंध में पूछे गए सवाल पर गलत जानकारी दी गई थी। वन विभाग की तरफ से सदन में गलत जानकारी प्रस्तुत करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने इसकी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश प्रधान मुख्य वन संरक्षक व्ही. श्रीनिवास राव को दिए थे, जिसके बाद मामले की जांच की गई।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के विनोद कुमार शुक्ल को ज्ञानपीठ पुरस्कार, मुख्यमंत्री साय और राज्यपाल डेका ने दी बधाई
प्रधान मुख्य वन संरक्षक व्ही. श्रीनिवास राव की अध्यक्षता में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक नावेद शुजाउद्दीन और मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त, रायपुर, राजू अगासिमनी समेत टीम के अन्य सदस्यों ने इस मामले की जांच की, जिसमें तथ्य को छिपाने और गलत जानकारी प्रस्तुत करने के मामले में दोषी अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। मामले में रायपुर वनमंडल के रायपुर परिक्षेत्र अधिकारी सतीश मिश्रा, माना नर्सरी प्रभारी वनपाल तेजा सिंह साहू, वनमंडल कार्यालय के सहायक ग्रेड-02 अविनाश वाल्दे और प्रदीप तिवारी, परिक्षेत्र कार्यालय के सहायक ग्रेड-03 अजीत डडसेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। (Forest Minister Kashyap Action)
वन मंत्री ने दी सख्त हिदायत
मामले में जवाबदेह पाए गए रायपुर के वनमंडलाधिकारी लोकनाथ पटेल और संयुक्त वनमंडलाधिकारी विश्वनाथ मुखर्जी के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने के लिए निलंबन प्रस्तावित किया गया है। कैबिनेट मंत्री कश्यप ने वन विभाग के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को भविष्य में इस प्रकार की गलती नहीं दोबाराने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शासन स्तर पर पत्राचार, ऑडिट कंडिका और योजनाओं से संबंधित सही जानकारी समय-सीमा में भेजने के निर्देश दिए हैं। मंत्री कश्यप ने कहा कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और इसका लाभ आम जनता को सुनिश्चित करने को कहा है। (Forest Minister Kashyap Action)



