Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के इस जिले में बर्ड फ्लू की दस्तक, 1 से 10 किलोमीटर का एरिया सर्विलांस जोन घोषित

Bird Flu in Koriya: कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में एवियन इन्फ्लूएंजा के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किलोमीटर की परिधि को इन्फेक्टेड जोन और एक से 10 किलोमीटर की परिधि को सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने बर्ड फ्लू को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी है। कलेक्टर ने बताया कि तीन महीने तक या आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। इन्फेक्टेड जोन (एक किलोमीटर) पूर्व दिशा में बैकुंठपुर से जनकपुर, पश्चिम दिशा में बैकुंठपुर से धौराटिकरा, उत्तर दिशा में बैकुंठपुर से खुटहनपारा और दक्षिण दिशा में बैकुंठपुर से एमएलए नगर तक है।

यह भी पढ़ें:- हम चिली को अंटार्कटिका के प्रवेश द्वार के रूप में देखते हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 

वहीं सर्विलांस जोन (1 से 10 किलोमीटर) इन्फेक्टेड जोन की सीमा से महोरा पुल से शंकरपुर, छरछा बस्ती और बड़गांव तक होगी। पोल्ट्री उत्पादों पर प्रतिबंध इन्फेक्टेड जोन से पोल्ट्री उत्पादों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है। इसके अलावा सर्विलांस जोन में पोल्ट्री और सह उत्पादों (मुर्गा, अंडा) के बाजार और दुकानें बंद कर दी गई हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी भी रोक दी गई है। साथ ही सर्विलांस जोन में पोल्ट्री उत्पादों के बाजार, दुकानों और डोर-टू-डोर डिलीवरी को भी बंद कर दिया गया है। कलेक्टर ने बताया कि 31 मार्च 2025 की स्थिति में 2,487 नग व्यस्क पेरेंट्स स्टॉक मुर्गे/ मुर्गियां, 2,448 पाले गए बटेर पक्षियों, 9,998 नग कुक्कुट चूजों, 19095 कुक्कुट अंडे, 200 बटेर अंडे और 7500 किलो कुक्कुट आहार को विनष्टीकरण किया गया है। (Bird Flu in Koriya)

कलेक्टर ने दी जानकारी

कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक कर्मचारी नियमित रूप से ओसेल्टामिविर टेबलेट वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू के दौरान क्रय- विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह को फैलाने से बचें, क्योंकि इस दौरान किसी प्रकार की अफवाह फैलाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक किसी भी आपातकालीन स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं, जिसका नंबर 07836-232469 है। कलेक्टर ने जानकारी दी कि बर्ड फ्लू को रोकने के लिए लगातार मुनादी कराई जा रही है। साथ ही जिला सूरजपुर, मनेंद्रगढ़- चिरमिरी-भरतपुर, बिलासपुर मार्ग पर बेरियर लगाकर जांच की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि जिन निजी दुकानदारों से मुर्गी, चूजे विनष्टीकरण किया जाएगा, उन्हें नियमानुसार मुआवजा भी दिया जाएगा। (Bird Flu in Koriya)

मुआवजे की दर तय

बता दें कि संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं छत्तीसगढ़ की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार भारत सरकार के एवियन इन्फ्लूएंजा एक्शन प्लान के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन और जिला पशु चिकित्सा सेवाओं के समन्वय से जिला कलेक्टर इस मुद्दे पर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं और इस दिशा में लगातार नजर रखे हुए हैं। इन्फेक्टेड जोन में पक्षियों का कलिंग, सर्विलेंस, और सेनेटाइजेशन कार्य चल रहा है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र के पशुपालकों और किसानों के पक्षियों, अंडों और पोल्ट्री आहार के विनिष्टिकरण के बाद उन्हें भारत सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजा राशि दी जाएगी। भारत सरकार ने एवियन इन्फ्लूएंजा के नियंत्रण के लिए पोल्ट्री पक्षियों को जबरन मारने, अंडों और पोल्ट्री फीड को नष्ट करने के लिए मुआवजे की दर तय की हुई है। (Bird Flu in Koriya)

इन दरों के अनुसार मिलेगा मुआवजा

इन दरों के अनुसार पोल्ट्री पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों और उनकी आयु के आधार पर मुआवजे की राशि निर्धारित की गई है। उदाहरण के तौर पर 8 हफ्ते तक के लेयर चूजों को 40 रुपए का मुआवजा मिलेगा, जबकि 8 हफ्ते से ज्यादा उम्र के लेयर पक्षियों के लिए 140 रुपए मुआवजा निर्धारित किया गया है, वहीं 4 हफ्ते तक के बॉयलर को 35 रुपए का मुआवजा मिलेगा, जबकि 4 हफ्ते से ज्यादा उम्र के बॉयलर के लिए 120 रुपए दिया जाएगा। इसी तरह 8 हफ्ते तक के बेकयार्ड पोल्ट्री बर्ड्स को 35 रुपए का मुआवजा मिलेगा, जबकि 8 हफ्ते से ज्यादा उम्र के बेकयार्ड पोल्ट्री बर्ड्स के लिए 150 रुपए दर निर्धारित किया गया है। जबकि 8 हफ्ते तक के टर्की को 60 रुपए का मुआवजा मिलेगा, जबकि 8 हफ्ते से ज्यादा उम्र के टर्की के लिए 350 रुपए दर के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। इसी तरह 5 हफ्ते तक के बटेर को 20 रुपए का मुआवजा मिलेगा, जबकि 5 हफ्ते से ज्यादा उम्र के बटेर के लिए 40 रुपए दर निर्धारित किया गया है। इससे पोल्ट्री किसानों को एवियन इन्फ्लूएंजा के प्रभावी नियंत्रण और उनके नुकसान की भरपाई करने में मदद करेगा और वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगा। (Bird Flu in Koriya)

Back to top button
error: Content is protected !!