जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला: पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग, कई घायल

Pahalgam Terror Attack : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम कस्बे में आज मंगलवार को एक पर्यटक रिसॉर्ट में आतंकवादियों (Pahalgam Terror Attack) की ओर से की गई गोलीबारी में एक पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि 10 लोग घायल हो गए हैं. ये गोलीबारी पहलगाम की बैसरन घाटी के ऊपरी इलाकों में हुई है. सूत्रों ने बताया कि ये एक योजना के तहत किया गया हमला है और ऊंची पहाड़ी से नीचे की तरफ गोलीबारी की गई. खास बात ये है कि जम्मू-कश्मीर में कुछ इलाके हैं जहां आतंकवाद नजर नहीं आता है, उनमें पहलगाम भी है. इस बार आतंकियों ने इसे भी निशाना बनाया है.
यह भी पढ़े :- फिर गरजे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, बोले -‘संसद सर्वोच्च, इससे ऊपर कोई नहीं’
सीआरपीएफ की अतिरिक्त क्विक रिएक्शन टीम घटनास्थल पर तैनात की गई. खुफिया सुरक्षा एजेंसी सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में TRF (The Resistent Front) आतंकी ग्रुप के हाथ होने की आशंका है. खुफिया सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, हमलावर पुलिस यूनिफॉर्म में थे और उनकी तादाद 2 से 3 थी.
सूत्रों के हवाले से पता चला है कि ये पर्यटक राजस्थान से आए थे. ये एक टूरिस्ट इलाका है और गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं, ऐसे में धीरे-धीरे लोग इलाके में घूमने के लिए पहुंच रहे हैं. इस हमले के पीछे पाकिस्तान के आतंकियों का हाथ बताया जा रहा है.
बढ़ सकती है घायल पर्यटकों की संख्या
शुरू में जानकारी मिली थी कि हमले में 10 पर्यटक घायल हुए है, लेकिन अब स्थिति साफ हो गई है. कुछ छह पर्यटकों पर हमला हुआ था जिसमें एक की मौत हो गई है जबकि 5 लोग घायल बताया जा रहे हैं. इस हमले में पर्यटकों के साथ-साथ कुछ स्थानीय लोग भी घायल हुए हैं.
पर्यटकों का पसंदीदा स्थान है पहलगाम
दरअसल, जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के सफाया के लिए पिछले कुछ महीने से बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है. माना जा रहा है कि सुरक्षाबलों के एक्शन से आतंकी बौखला गए हैं. इसलिए वो आम जनता को निशाना बना रहे हैं. अभी गर्मियों की छुट्टियां भी होने वाली हैं, ऐसे में बड़ी संख्या में पर्यटक अपने परिवार के साथ घूमने के लिए निकलते हैं. गर्मियों की छुट्टियों में पहलगाम में पर्यटकों की अच्छी खासी मौजदूगी देखने को मिलती है.
दूसरे पर्यटकों को पहलगाम जाने से रोका गया
सूत्रों के मुताबिक, आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों और स्थानीय पुलिस ने दूसरे पर्यटकों के पहलगाम जाने पर फिलहाल रोक लगा दी है. पूरे इलाके को खाली करा लिया गया है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों के जवानों की तैनाती की जा रही है ताकि वहां छिपे आतंकियों का सफाया किया जा सके. (Pahalgam Terror Attack)



