पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित करें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह: कपिल सिब्बल
Kapil Sibbal on Pakistan: भारत के वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने आतंकी हमले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में मुकदमा चलाया जाना चाहिए। मैं गृहमंत्री अमित शाह से आग्रह करता हूं कि वे पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित करें और अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय में जाएं। मुझे विश्वास है कि विपक्ष इस पर साथ देगा। भाजपा नेता एन रामचंदर राव ने कहा कि इस घटना की समाज के सभी वर्गों को निंदा की जानी चाहिए। इस घटना के पीछे निश्चित रूप से विदेशी हाथ है। आतंक का कोई धर्म नहीं होता और सभी राजनीतिक दलों को आतंकवाद का मुकाबला करना होगा।
यह भी पढ़ें:- पहलगाम हमले में भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की मौत, अब तक 27 पर्यटकों की गई जान, उरी में 2 आतंकी ढेर
इधर, पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए सामूहिक बंद के आह्वान के बाद जम्मू में बाजार बंद हैं। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद ने कहा कि पहलगाम में जो दर्दनाक हादसा हुआ है उसने सभी भारतवासियों को झकझोर कर रख दिया है। जो मासूम और बेगुनाह लोग मारे गए हैं उनके परिजनों के साथ हमारी संवेदना है। हमारी पूरे पहलगाम और कश्मीर की जनता से यह अपील है कि हर तरीके से शांति बनाए रखें और वहां मौजूद पर्यटकों की सुरक्षा में मदद करें। हम इस दुख की घड़ी में तमाम लोगों के साथ हैं और सरकार से मांग करते हैं कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा हो। (Kapil Sibbal on Pakistan)
सीपीआई सांसद डी राजा ने की अपील
केरल के सीपीआई सांसद डी राजा ने कहा कि हमारी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करती है। इसे किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता। हर व्यक्ति, हर नागरिक को इस आतंकवादी हमले की निंदा करनी चाहिए। हमारी पार्टी सरकार से यह भी अपील करती है कि वह इस हमले में प्रभावित परिवारों और घायल लोगों को आवश्यक सहायता प्रदान करें। नागपुर से आए एक पर्यटक के परिवार की सदस्य ने कहा कि हमें टेलीविजन से इस घटना की जानकारी मिली और उसके बाद हम चिंतित हो गए। आखिरी बार हमने 17 अप्रैल को एक-दूसरे से संपर्क किया था। हम बहुत चिंतित हैं, लेकिन यह देखकर राहत मिली कि वे जीवित हैं। हम लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। (Kapil Sibbal on Pakistan)
गृहमंत्री और प्रधानमंत्री काफी गंभीर: गुप्ता
भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। हाल ही के 3 महीनों में 5 लाख से ज्यादा पर्यटक कश्मीर में आए थे। इन सभी विषयों को देखें तो कश्मीर में हालात को काफी साज़गार किया गया था लेकिन पाकिस्तान की ओर से यह जो कायरतापूर्ण कृत्य किया गया है वह असहनीय है। गृहमंत्री और प्रधानमंत्री इस मुद्दे को काफी गंभीरता से ले रहे हैं। गृहमंत्री कल ही कश्मीर पहुंच गए थे और प्रधानमंत्री भी भारत वापस आ चुके हैं। जल्द ही हालात सामान्य किए जाएंगे और आगे भी इस प्रकार की घटना ना हो यह भी सुनिश्चित किया जाएगा। पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले अनंतनाग निवासी सैयद हुसैन शाह की मां आपबीती बताते हुए भावुक हुईं। आतंकी हमले में जान गंवाने वाले अनंतनाग निवासी सैयद हुसैन शाह के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि वह पहलगाम मजदूरी करने गया था। (Kapil Sibbal on Pakistan)
दोषियों को सजा मिलनी चाहिए: परिजन
उन्होंने कहा कि 3 बजे हमें हमले की सूचना मिली। हमने जब सैयद हुसैन शाह को फोन किया तो फोन नहीं लगा। हमने थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई। घर आने के बाद हमें घटना की पूरी जानकारी मिली। हमें इंसाफ चाहिए। दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। नागपुर के एक पर्यटक के परिवार के एक सदस्य ने कहा कि मेरा छोटा भाई वहां घूमने गया था। हमें ये जानकारी टीवी से मिली। हमने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क हो नहीं पाया। हम लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन जब से वो यहां से गया था तबसे उसका मोबाइल बंद आ रहा है। महाराष्ट्र के पनवेल निवासी दिलीप देसले की आतंकी हमले में जान चली गई। भाजपा विधायक प्रशांत ठाकुर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जो दुखद और खौफनाक हमला हुआ है, उसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। न्यू पनवेल में रहने वाले दिलीप देसले की इस गोलीबारी में मृत्यु होने की खबर मिली है। (Kapil Sibbal on Pakistan)
बालासोर निवासी प्रशांत सत्पथी की मौत
ओडिशा के बालासोर निवासी प्रशांत सत्पथी की पहलगाम आतंकी हमले में जान चली गई। मृतक के बड़े भाई सुसंता सत्पथी ने कहा कि हमें दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली। जब हमने टोल-फ्री नंबर पर कॉल किया, तो उन्होंने हमें सिर्फ़ मेरे छोटे भाई की मौत की सूचना दी। मुझे अपने छोटे भाई की पत्नी या मेरे भतीजे के बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वे कहां हैं। अतिरिक्त डीएसपी ने मुझसे संपर्क किया है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दिल्ली में अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस को पर्यटन स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। (Kapil Sibbal on Pakistan)
भावनगर DIG गौतम ने दी जानकारी
गुजरात के भावनगर DIG गौतम एम. परमार ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर कहा कि जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले में भावनगर के विनुभाई डाभी भी घायल हो गए हैं। वे अभी अनंतनाग में हैं और उनकी हालत में सुधार है। हमारे पास जो जानकारी है उसके मुताबिक भावनगर के 20 लोग वहां घूमने गए थे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के नाम पता करने के बाद हम कुछ कह सकते हैं, हम स्थानीय जम्मू कश्मीर पुलिस के संपर्क में हैं। कुछ समय बाद हमें और जानकारी मिलेगी।
केंद्र सरकार पूरी तरह से तैयार: पटेल
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुशीकेश पटेल ने कहा कि कश्मीर के पहलगाम में गुजरात से गए हुए जो भी पर्यटक थे उनमें से 3 लोगों की मृत्यु हुई है। उनके शवों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से मदद की जा रही है। जो 2 लोग अनंतनाग में घायल हैं उनका भी ख्याल रखा जा रहा है। वहां भय और घबराहट का माहौल ना बने, इस ओर ध्यान दिया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कश्मीर पहुंच गए और जल्द से जल्द आतंकवादियों का सफाया हो इस संबंध में बहुत सारी बैठकें की गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सऊदी अरब का अपना दौरा जल्द ही संपन्न किया और वे भारत लौट आए। केंद्र सरकार पूरी तरह से तैयार है। (Kapil Sibbal on Pakistan)



