Google Analytics —— Meta Pixel

आतंक के आगे नहीं झुकेगा भारत, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah on Terrorism: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने श्रीनगर के पुलिस नियंत्रण कक्ष में पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। साथ ही मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारी मन से पहलगाम आतंकी हमले के मृतकों को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा। इस नृशंस आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पहलगाम के आतंकी हमले में अपनों को खोने का दर्द हर भारतीय को है। इस दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मैं अपने इन सभी परिवारों और पूरे देश को विश्वास दिलाता हूं कि बेगुनाह मासूम लोगों को मारने वाले इन आतंकियों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें:- ‘कुत्ता पागल हो जाए तो गोली मारी जाती है’, पहलगाम आतंकी हमले पर भड़के कुमार विश्वास

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने बैसारन घाटी का निरीक्षण किया, जहां कल आतंकी हमले में लोगों की जान गई है। वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में हमारे देश ने अनेक निर्दोष नागरिकों को खोया है। इस अमानवीय कृत्य से हम सभी गहरी शोक और दर्द में हैं। सबसे पहले मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। इस दुखद समय में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मैं परमात्मा से प्रार्थना करता हूं। यहां मैं भारत के दृढ़ संकल्प को दोहराना चाहूंगा। आतंकवाद के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। भारत का एक-एक नागरिक इस कायरतापूर्ण हरकत के खिलाफ एकजुट है। (Amit Shah on Terrorism)

उन्होंने कहा कि मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि घटना के मद्देनजर भारत सरकार हर वो कदम उठाएगी जो जरूरी और उपयुक्त होगा। हम सिर्फ उन लोगों तक नहीं पहुंचेंगे, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। हम उन तक भी पहुंचेंगे जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठ कर भारत की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिशें रची हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पहलगाम में जो घटना हुई वो बहुत निंदनीय है, दुखद है। मैं मानता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इस घटना का जवाब देगा। हम सब मिलकर पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराएंगे और पाकिस्तान को इस घटना की उचित सजा मिलेगी। साथ ही हमें देश के अंदर मौजूद पाकिस्तानी लोगों पर भी ध्यान रखना चाहिए। (Amit Shah on Terrorism)

असम CM ने कहा कि कल जब घटना हुई तो आतंकियों ने पूछा कि क्या तुम हिंदू हो। उन्होंने बस इतना ही पूछा। उन्होंने किसी से नहीं पूछा कि वे एसटी, एससी, ओबीसी या सामान्य जाति के हैं। हिंदुओं को एकजुट रहना है और पाकिस्तान को जवाब देना है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने कहा है कि हमारा हिंदुओं से कुछ नहीं मिलता है, हिंदू हमारे दुश्मन हैं लेकिन हम ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करते हैं, लेकिन उन्होंने जो भाषा का इस्तेमाल किया है, हमें उसे सुनना चाहिए और हमें उससे सबक भी लेना चाहिए। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह कायराना हमला है। दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। कठोरतम दंड मिलेगा। यह विकसित भारत के निर्माण की प्रगति यात्रा से परेशान होकर, बौखलाकर उठाया गया कदम है लेकिन भारत बढ़ता रहेगा। हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और अपनी संवेदना प्रकट करते हैं। (Amit Shah on Terrorism)

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह घटना निंदनीय है। ये एक प्रकार से भारत को विभाजित करने का प्रयास था। ऐसे प्रयासों को हमें विफल करना चाहिए और ऐसे तत्वों को कुचल देना चाहिए। महाराष्ट्र के जिन 6 लोगों की मृत्यु हुई है, प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपए देंगे। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पहलगाम की घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है। मैं इस पूरी घटना की निंदा करता हूं। पीएम मोदी इस मामले को लेकर चिंतित हैं वह अपनी विदेश यात्रा को बीच में ही छोड़कर भारत वापस आ गए। निश्चित रूप से पूरी सरकार चिंतित है और इस मामले पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि ये बहुत ही दुखद घटना है। लेकिन मैं आपको यह बताना चाहता हूं कि ये अब पीएम नरेंद्र मोदी का भारत है, कहां होगा, कब होगा, कैसे होगा, यह मैं नहीं जानता, लेकिन मैं एक बात जानता हूं कि इनको ऐसा मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा, जिससे ये न तो कभी इस प्रकार की घटना करने की हिम्मत कर सकेंगे और न इनको भेजने वाले इस बारे में कभी सोच सकेंगे। (Amit Shah on Terrorism)

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि जम्मू कश्मीर में जो आतंकी हमला हुआ उसका मैं गोवा सरकार व गोवा के लोगों की ओर से निषेध करता हूं। इस तरह का आतंकवाद भारत देश कभी सहन नहीं करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आतंकी हमले के खिलाफ जवाब देंगे और हमलावरों को सबक मिलेगा। JD(U) नेता के.सी. त्यागी ने कहा कि यह गंभीर विषय है। लंबे समय से घाटी में शांति कायम थी, यह सीमा पार के आतंकियों को कबूल नहीं था। इस कायरतापूर्ण कार्रवाई की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। पिछले 10 वर्षों में आतंकवाद पर और आतंक की घटनाओं पर काफी काबू पाया गया था। भारत सरकार हर संभव प्रयास करेगी की आतंकवादी फिर सिर उठाने की हिम्मत ना करें। आज समूचे राष्ट्र को एकजुट होकर हमलावरों के मनसूबों को कमजोर करना चाहिए। (Amit Shah on Terrorism)

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा इसी तरह की आतंकवादी गतिविधि का समर्थन किया है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद से कश्मीर में शांतिपूर्ण माहौल था। धारा हटाने के बाद कम से कम 3 करोड़ पर्यटक वहां गए। इसी को देखते हुए पाकिस्तान ने यह हमला किया है। पहली बार पर्यटकों पर इस तरह का हमला हुआ है। यह बहुत गंभीर मुद्दा है। पाकिस्तान को सबक सिखाने की आवश्यकता है। पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए एक बार युद्ध होना चाहिए। इस समय भी विपक्ष राजनीति करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन विपक्ष को राजनीति नहीं करनी चाहिए। इस समय हमें एक होना चाहिए। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि कश्मीर के पहलगाम में जो घटना हुई है, पूरा देश और पूरी दुनिया उससे विचलित है। पहली बार हमने टारगेट किलिंग की मामला देखा। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। (Amit Shah on Terrorism)

कार्रवाई केवल उन आतंकवादियों तक सीमित नहीं रहेगी: ठाकुर

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश वापस आ गए हैं और गृहमंत्री कल ही सीधा श्रीनगर पहुंच गए। एक-एक आतंकवादी को खोज कर निकाला जाएगा और इस मामले में सख्त कार्रवाई होगी। कार्रवाई केवल उन आतंकवादियों तक सीमित नहीं रहेगी, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया बल्कि कार्रवाई वहां तक पहुंचेगी, जहां से इस आतंकवाद का संचालन हो रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आतंकी हमले में एक इंदौर निवासी की दुखद मृत्यु हुई है। मैं बाबा महाकाल से कामना करता हूं कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दें। यह पाकिस्तान की कायराना हरकत है। पाकिस्तान और उसके पिछलग्गुओं की इस कायराना हरकत का जवाब देने के लिए पूरा देश एकजुट है और हमारी सरकार भी बहुत अच्छे से प्लानिंग करके आगे बढ़ रही है। हम सब बाबा महाकाल से कामना करेंगे की आने वाले समय में ऐसी कोई कायराना हरकत ना हो। (Amit Shah on Terrorism)

भारत घटना का जवाब देगा: प्रताप सिंह

केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। इस हमले में 27 से भी ज्यादा लोगों के मारे जाने की सूचना है। यह हिंदुओं के ऊपर सुनियोजित आक्रमण है। इससे पहले भी हमने ऐसी घटनाएं और भारत मां के ऊपर ऐसे आक्रमण देखे हैं। हमने इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब भी दिया है। आतंकवाद पूरे विश्व के लिए एक बहुत बड़ा अभिशाप है। जो भी लोग इस घटना के दोषी हैं, हर एक पर कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पूरे भारतवासी अत्यंत दुखी हैं। इस हृदयविदारक घटना ने हमें झकझोर दिया है। मुझे विश्वास है कि जिन लोगों ने कायरतापूर्ण और मानवता के खिलाफ इस घटना को अंजाम दिया है हमारे देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री उन लोगों को छोड़ने वाले नहीं हैं। हमारा भारत समर्थ है और इस घटना का जवाब देगा। (Amit Shah on Terrorism)

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने की निंदा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए, उतना कम है। यह एक ऐसी कायराना हरकत है जिससे आतंकवादियों ने देश में दहशत का माहौल पैदा करने की नाकामयाब कोशिश की है। मैं अपनी और अपनी सरकार की ओर से यह विश्वास दिलाता हूं कि जितने भी लोग इस हमले में दोषी हैं, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आज इस दुख की घड़ी में मैं उन परिवारों के साथ भी हूं जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है। इस कायराना हरकत का करारार जवाब जरूर दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि पहलगाम में कल पाकिस्तान से संबंधित आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला करके जो नरसंहार किया है उसकी न केवल पूरा देश बल्कि पूरा विश्व निंदा कर रहा है। मैं इस आतंकवादी हमले की निंदा करता हूं। हमले में जान गंवाने वाले लोगों को मैं श्रद्धांजलि देता हूं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी शहीद लोगों के परिवारों की देखभाल करने की जिम्मेदारी हम लेंगे। (Amit Shah on Terrorism)

आतंकवादी को बख्शा नहीं जाएगा: चुघ 

भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में जो हुआ है वह एक सुनियोजित नरसंहार है। प्रधानमंत्री मोदी की जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पहले भी एक भी आतंकवादी को बख्शा नहीं गया था और अब फिर बख्शा नहीं जाएगा। कोई भी हत्यारा कानून और सजा से नहीं बच सकता। यह नया भारत है जो खामोश नहीं बैठता है, जो अब आंसुओं से नहीं बल्कि जवाब से जवाब देता है। हर मृतक का हिसाब लिया जाएगा।कानून अपना कार्य करेगा। यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि पहलगाम की घटना हृदय विदारक घटना है। इस देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने जम्मू-कश्मीर को ठीक करने का संकल्प लिया है उससे भयभीत होकर कुछ कायरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। शायद उन्हें इस बात का अहसास नहीं है कि जितनी बड़ी घटना उन्होंने की है, उससे बड़ा प्रहार हमारे देश की सेनाएं हमारे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व में उनके ऊपर करेंगी। (Amit Shah on Terrorism)

दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी: अंसारी 

महाना ने कहा कि दुर्भाग्य से जो लोग शहीद हुए हैं उनमें से एक मेरे निर्वाचन क्षेत्र से हमारे पारिवारिक संबंध भी हैं वो बच्चा हमारे बीच नहीं रहा। ये बहुत दुखद क्षण है उनके परिवार के साथ पूरा देश खड़ा है, जिन्होंने ये पाप किया उन्हें सजा मिलेगी ही। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर जो कल दुखद घटना हुई, पूरे देश की संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है। यह हमला जम्मू-कश्मीर में नहीं हुआ बल्कि पूरी इंसानियत पर हुआ है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। एक बात मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि जो भी इस घटना में दोषी होंगे उन पर ऐसी सख्त कार्रवाई होगी कि उन आतंकवादियों की सात पुश्ते भी इस कार्रवाई को याद रखेगी। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस मामले में ऐसी कार्रवाई होगी कि हमलावरों के आकाओं की पीढ़ियां याद करेंगी। (Amit Shah on Terrorism)

Back to top button
error: Content is protected !!