Google Analytics —— Meta Pixel

आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पर भारत की बड़ी कार्रवाई, सिंधु जल समझौता रोका, CCS की बैठक में लिए गए 5 बड़े फैसले

Decisions of CCS Meeting: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और कई अधिकारी मौजूद थे, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाएं गए हैं। करीब ढाई घंटे चली बैठक में 5 बड़े फैसले लिए गए हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि CCS ने समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और सभी बलों को उच्च सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया। संकल्प लिया गया कि इस हमले के अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और उनके प्रायोजकों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने कल बुलाई सर्वदलीय बैठक, मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख मुआवजे का ऐलान

उन्होंने कहा कि तहव्वुर राणा के हाल के प्रत्यर्पण की तरह भारत उन लोगों की तलाश में निरंतर प्रयास करेगा, जिन्होंने आतंकवादी कृत्यों को अंजाम दिया है या उन्हें संभव बनाने की साजिश रची है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि इस आतंकवादी हमले की गंभीरता को समझते हुए सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) ने कई अहम निर्णय लिए हैं, जिसके मुताबिक 1960 की सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित रखा जाएगा, जब तक कि पाकिस्तान विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से सीमा पार आतंकवाद के लिए अपने समर्थन को त्याग नहीं देता। एकीकृत चेकपोस्ट अटारी को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा, जो लोग वैध तरीके के साथ सीमा पार कर चुके हैं, वे 1 मई 2025 से पहले उस मार्ग से वापस आ सकते हैं। (Decisions of CCS Meeting)

पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद्द: विदेश सचिव

विदेश सचिव ने बताया कि पाकिस्तानी नागरिकों को SAARC वीजा छूट योजना के तहत भारत की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पाकिस्तानी नागरिकों को अतीत में जारी किए गए किसी भी SPES वीजा को रद्द माना जाएगा। SPES वीजा के तहत वर्तमान में भारत में मौजूद किसी भी पाकिस्तानी नागरिक के पास भारत छोड़ने के लिए 48 घंटे हैं। नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग में रक्षा, सैन्य, नौसेना और वायु सलाहकारों को अवांछित व्यक्ति घोषित किया जाता है। उनके पास भारत छोड़ने के लिए एक सप्ताह का समय है। भारत इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग से अपने रक्षा, नौसेना और वायु सलाहकारों को वापस बुलाएगा। संबंधित उच्चायोगों में ये पद निरस्त माने जाएंगे। (Decisions of CCS Meeting)

हमले में 26 लोगों की हुई मौत: विक्रम मिस्री

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि बुधवार शाम प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की हुई बैठक में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकवादी हमले के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारे गए थे। कई अन्य लोग घायल हुए थे। CCS ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इधर, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में विभिन्न जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी भी मौजूद रहे। (Decisions of CCS Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!