साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली का बड़ा बयान, कहा- ग्लोबल साउथ में भारत उभरता हुआ लीडर, मिडिल ईस्ट में शांति जरूरी

South Korean President Lee: साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। साथ ही कहा कि भारत के लोगों और PM मोदी मैं आपकी पहल और मुझे और मेरे प्रतिनिधिमंडल को दी गई गर्मजोशी भरी मेहमाननवाजी के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो सबसे तेजी से विकास कर रहा है। साउथ कोरिया के राष्ट्रपति के तौर पर 8 साल में पहली बार आपके देश की यात्रा करके मुझे बहुत खुशी हो रही है। राष्ट्रपति ली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मैंने अपने संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर गहन चर्चा की और वैश्विक और क्षेत्रीय मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
यह भी पढ़ें:- भारत और साउथ कोरिया मिलकर लिखेंगे अगले दशक की सक्सेस स्टोरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी आबादी और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकॉनमी के साथ, भारत ग्लोबल साउथ में एक लीडर के तौर पर उभरा है। आपके ‘विकसित भारत 2047’ विजन के तहत भारत बहुत ज्यादा विकास कर रहा है। दक्षिण कोरिया भी चिप-बिल्डिंग, सेमीकंडक्टर और कल्चरल इंडस्ट्रीज में एक लीडर के तौर पर उभरा है। PM और मैंने दोनों देशों रिश्तों को और आगे बढ़ाने के तरीकों पर गहन बातचीत की और वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। अनिश्चितता के इस दौर में हम इस बात से सहमत हैं कि भारत और कोरिया आपसी विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए व्यापक सहयोग के लिए सबसे आदर्श साझेदार हो सकते हैं। हमने जहाज निर्माण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वित्त और रक्षा सहित रणनीतिक उद्योगों में सहयोग बढ़ाने, संस्कृति और जन-समुदायों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी सहमति व्यक्त की है।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा लक्ष्य भारत और दक्षिण कोरिया के बीच वार्षिक व्यापार की मौजूदा 25 अरब अमेरिकी डॉलर की मात्रा को 2030 तक लगभग 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाना है। भारत और दक्षिण कोरिया ने इलेक्ट्रॉनिक भुगतान प्रणालियों को जोड़ने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे दोनों देशों के नागरिक एक-दूसरे के देशों की यात्रा के दौरान स्थानीय क्यूआर कोड प्रणाली का उपयोग करके भुगतान कर सकेंगे। यह एक ऐसा कदम है जो आपसी यात्राओं को और भी सुविधाजनक बनाएगा। उन्होंने कहा कि PM मोदी और मैंने मिडिल ईस्ट में हाल की घटनाओं पर अपने विचार साझा किए और इस बात पर सहमत हुए कि मिडिल ईस्ट में स्थिरता और शांति बहाली ग्लोबल सिक्योरिटी और इकॉनमी के लिए बहुत जरूरी है। (South Korean President Lee)




