छत्तीसगढ़ में बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान के लिए चलेगा विशेष अभियान, सभी जिलों में होगा स्पेशल टास्क फोर्स का गठन

Bangladeshi Will Be Identified: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 28 अप्रैल 2025 की बैठक में छत्तीसगढ़ में बांग्लादेशी घुसपैठियों, अवैध रूप से निवास कर रहे अप्रवासियों और बिना वैध दस्तावेजों के रहने वाले अनाधिकृत व्यक्तियों की पहचान समेत उन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए गए निर्णयानुसार हर जिले में स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। बैठक में डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। डिप्टी CM शर्मा ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि ऐसे तत्व न केवल नागरिक अधिकारों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि गंभीर सुरक्षा चुनौतियां भी उत्पन्न करते हैं। इसके रोकथाम के लिए हर जिले में स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- ‘सुरक्षा में ही समृद्धि है’: 40वीं वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा समारोह-2024 का हुआ भव्य समापन
डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि अवैध दस्तावेज बनाने वाले और बिना वैध दस्तावेज वाले व्यक्तियों को लाने में संलग्न कई ठेकेदार, टेंट व्यवसायी, कबाड़ी का काम करने वाले लोग, जो छोटे लाभ कमाने के लिए इस कृत्य में संलग्न है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे भारत सरकार और वरिष्ठ कार्यालयों की ओर से समय-समय पर जारी किए गए निर्देशों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी जिलों में बांग्लादेशी नागरिकों समेत अन्य अवैध अप्रवासियों की पहचान और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए ‘स्पेशल टास्क फोर्स’ (STF) का गठन करने को कहा गया है। (Bangladeshi Will Be Identified)
फर्जी दस्तावेजों के साथ रहने वालों पर होगी कार्रवाई
इन टास्क फोर्स की सहायता से न केवल ऐसे तत्वों की पहचान की जाएगी, बल्कि उन्हें राज्य से निष्कासित करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ठेकेदारों के माध्यम से बाहर से आए श्रमिक कार्यरत हैं। इनके दस्तावेजों का समुचित जांच और सत्यापन नहीं हो पाने के कारण यह आशंका प्रकट की जा रही है कि कई अवैध अप्रवासी भी इन्हीं माध्यमों से राज्य में निवास कर रहे हैं। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ऐसे श्रमिकों का ठेकेदारों के माध्यम से अनिवार्य रूप से सत्यापन कराया जाए। साथ ही फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से पहचान पत्र प्राप्त करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। (Bangladeshi Will Be Identified)
दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य
राशन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन दस्तावेजों का त्वरित सत्यापन कराना भी अनिवार्य किया गया है। जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से इस संबंध में समीक्षा भी की जाएगी। पत्र के माध्यम से सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में आवश्यकतानुसार विशेष अभियान चलाकर कानून सम्मत, वैज्ञानिक और प्रभावी तरीकों से अवैध अप्रवासियों की पहचान सुनिश्चित करें और भारत सरकार और पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए की गई कार्रवाई की जानकारी समय-समय पर पुलिस मुख्यालय को प्रेषित करें। (Bangladeshi Will Be Identified)



