शराब घोटाला केस को लेकर कवासी लखमा के करीबियों पर रेड, 15 ठिकानों पर ACB-EOW ने मारा छापा

EOW Raid in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में ACB-EOW की टीमों ने शराब घोटाले केस को लेकर रायपुर, अंबिकापुर, सुकमा, जगदलपुर और दंतेवाड़ा में एक साथ छापेमारी की। 5 जिलों के करीब 15 से ज्यादा ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। जानकारी के मुताबिक जिन जगहों पर छापेमारी की गई, वे सभी पूर्व मंत्री कवासी लखमा से जुड़े लोगों के ठिकाने हैं। वहीं दंतेवाड़ा में कांग्रेस नेता राजकुमार तामो के घर भी ACB-EOW ने दबिश दी है। राजकुमार तामो को कवासी लखमा का करीबी माना जाता है। इसके अलावा सुकमा जिले में 4 जगहों पर छापेमारी की गई है। इसमें जिला मुख्यालय के 3 और तोंगपाल के एक जगह पर कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें:- बलौदाबाजार के मनोविकास केंद्र में बच्चों के इलाज और शिक्षा व्यवस्था में होगा इजाफा: स्वास्थ्य मंत्री
ACB-EOW ने जहां छापा मारा, उनमें हार्डवेयर और पेट्रोल पंप कारोबारी शामिल हैं। ये सभी कवासी लखमा के नजदीकी बताए जा रहे हैं। वहीं अंबिकापुर में भी कार्रवाई की गई है, जहां ACB-EOW की टीम ने कपड़ा व्यवसाय से जुड़ी फर्म धजाराम-विनोद कुमार के संचालकों के ठिकानों पर छापा मारा है। इस फर्म का नाम पहले भी चर्चित DMF घोटाले में आ चुका है। इनके खिलाफ FIR भी दर्ज है। पहले भी ED और आयकर विभाग की टीम इन व्यापारियों पर कार्रवाई कर चुकी है। फर्म के संचालक मुकेश अग्रवाल और विनोद अग्रवाल हैं, जिनके घरों पर शनिवार सुबह छापेमारी की गई। (EOW Raid in Chhattisgarh)
दस्तावेजों और लेन-देन की जानकारियां
छापेमारी के दौरान दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़ी कई जानकारियां जुटाई गई है। फिलहाल ACB-EOW की टीमें जांच में जुटी हुई है। पूरे नेटवर्क को खंगालने का काम चल रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले में और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। दर्ज FIR में 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है। ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था, जिसकी वजह से अभी सभी जेल में बंद है। (EOW Raid in Chhattisgarh)
कवासी लखमा पर आरोप
वहीं ED का आरोप है कि पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक कवासी लखमा सिंडिकेट के अहम हिस्सा थे। लखमा के निर्देश पर ही सिंडिकेट काम करता था। ED के वकील ने बताया कि शराब घोटाला 3 साल तक चला। इस दौरान लखमा को हर महीने 2 करोड़ रुपए मिलते थे। इस तरह 36 महीने में लखमा को 72 करोड़ रुपए मिले। ये राशि उनके बेटे हरीश कवासी के घर के निर्माण और सुकमा कांग्रेस भवन के निर्माण में लगे। ED ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले से सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा है। शराब सिंडिकेट के लोगों ने 2,100 करोड़ रुपए से ज्यादा अवैध कमाई की है। (EOW Raid in Chhattisgarh)



