डिप्टी CM साव की स्टूडेंट्स को सलाह, कहा- समय सबसे अनमोल, एक-एक पल का करें सदुपयोग

Arun Sao Meet Students: डिप्टी CM और कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने भानुप्रतापपुर में जिला प्रशासन की ओर से संचालित की जा रही निःशुल्क कोचिंग संस्था ‘मावा मोदोल’ का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी और अन्य सुविधाओं का अवलोकन कर स्टूडेंट्स से फीडबैक लिया। इसके पहले डिप्टी CM साव ने यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों से रु-ब-रु होते हुए उनके लक्ष्य के बारे में पूछा। स्टूडेंट्स को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मावा मोदोल’ दूरस्थ क्षेत्रों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए यह बेहतर प्लेटफॉर्म साबित होगा। साव ने विद्यार्थियों को सीख देते हुए कहा कि यह ऐसा दौर है, जब अच्छी और बुरी दोनों तरह की चीजें अपनी ओर आकर्षित करती हैं। आपको ये तय करना होगा कि अपने जीवन को किस दिशा की ओर लेकर जाएं।
यह भी पढ़ें:- नए भारत की गतिशील अर्थव्यवस्था की रीढ़ है रेलवे: राज्यपाल रमेन डेका
उन्होंने कहा कि समय की कीमत पहचानें और एक-एक पल का सदुपयोग करें। डिप्टी CM साव ने उदाहरण देते हुए कहा कि एक क्लास में पढ़ने वाले दो विद्यार्थी को क्रमशः 95 और 45 प्रतिशत अंक मिलते हैं, जबकि शिक्षक वही, किताबें वही हैं। अब तय आपको करना होगा खुद को 95 प्रतिशत वाले स्थान पर रखना है या 45 प्रतिशत वाली जगह पर। जिले के प्रभारी मंत्री ने आगे बताया कि असफलता हार नहीं होती, बल्कि सीखने का सबक होता है। पिछली कमियों को दूर कर पूरी शिद्दत और लगन के साथ पर जो व्यक्ति अपने लक्ष्य को हासिल करने में लग जाता है, उसे सफलता अनिवार्य रूप से मिलती ही है। इस दौरान सांसद भोजराज नाग, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत के CEO हरेश मंडावी समेत मावा मोदोल का स्टाफ मौजूद रहे। (Arun Sao Meet Students)

इससे पहले डिप्टी CM अरुण साव अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भानुप्रतापपुर स्टेशन के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। दरअसल, भारत सरकार के रेल मंत्रालय की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना लागू की गई है, जिसके अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के भानुप्रतापपुर (जिला कांकेर) के स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूर्ण हो चुका है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित, यात्रियों के लिए ज्यादा आरामदायक, सुरक्षित और स्तरीय पुनर्विकसित भानुप्रतापपुर स्टेशन का देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बीकानेर से वर्चुअली शुभारंभ किया। (Arun Sao Meet Students)

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी CM साव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधुनिक और विकसित भारत की संकल्पना साकार हुई है। भानुप्रतापपुर के रेलवे स्टेशन को पुनर्विकसित कर इसे नवीन सुविधाओं और आधुनिक सेवाओं से लैस किया गया है। भानुप्रतापपुर के स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी CM साव ने आगे कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उभरते और विकसित भारत का कायाकल्प हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेलवे के क्षेत्र में 2014 से लगातार विकास और उन्नयन हो रहा है। साव ने उपस्थितजनों को रेलवे आधुनिकीकरण की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेल भारत देश की लाइफ लाइन है और इसके मजबूत होने से पूरा भारतवर्ष मजबूत होगा। (Arun Sao Meet Students)

उन्होंने यह भी बताया कि बोधघाट परियोजना की स्वीकृति केंद्र से मिल चुकी है जिससे आने वाले समय में बस्तर के विकास की दिशा में नई इबारत लिखी जाएगी। इसके अलावा कांकेर सांसद भोजराज नाग ने भी क्षेत्रवासियों को भानुप्रतापपुर के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में लगातार विकास हो रहा है। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम आने वाले स्कूली विद्यार्थियों को डिप्टी CM साव ने पुरस्कृत किया। रेल प्रशासन ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकसित कर कायाकल्प किया गया है। इसके तहत स्टेशन परिसर में पृथक प्रवेश और निकास द्वार, 10.50 मीटर चौड़ी पहुंच सड़क, सौंदर्यीकृत गेट, उच्चतम प्रकाश, भूदृश्य और लौह मूर्तिकला, सेल्फी पॉइंट के साथ प्रवेश द्वार भी है। (Arun Sao Meet Students)

स्टेशन परिसर में रैंप और सीढ़ियां हैं, ताकि प्रवेश करना आसान हो। इसके अलावा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पक्की सतह वाली प्रकाशयुक्त प्रकाश पार्किंग, दिव्यांगजनों के लिए पार्किंग सुविधा और डबल रेल हैंड ग्रिप के साथ प्रवेश और निकास रैंप, पीली पट्टियों के साथ 9 स्टैटिअर शामिल हैं। इसी तरह बुकिंग काउंटर्स, अनारक्षित और आरक्षित टिकटिंग और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही प्रतीक्षा कक्ष, पुरुष, महिला और दिव्यांगजन यात्रियों के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा, नए मुख्य स्टेशन प्रबंधक कक्ष, वाटर कूलर और वाटर बूथ, वाटर कूलर और दिव्यांगजन अनुकूल नल वाले बूथ, आरपीएफ पोस्ट, सीसीटीवी रूम, कैटरिंग स्टॉल, अग्निशामक यंत्र, स्वच्छ परिसर समेत विभिन्न प्रकार की आधुनिकीकृत सुविधाएं विकसित की गई हैं। (Arun Sao Meet Students)



