Google Analytics —— Meta Pixel

राजस्व अभिलेखों में गलती के लिए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: CM विष्णुदेव साय

CM on Revenue Records: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत रायगढ़ जिला कार्यालय के सृजन सभा कक्ष में रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चल रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, एनआरएलएम, लखपति दीदियों को ड्रोन प्रशिक्षण, जन औषधि केंद्र, खाद-बीज की स्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को मौसमी बीमारियों के लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पानी टंकियों तक जल पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार करने, पुराने राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निपटारे और अभिलेख त्रुटियों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:- Husband killed wife Balod : इंजीनियर पति ने टीचर पत्नी की हत्या की, पहले बोलेरो से कुचला फिर रॉड से ताबड़तोड़ पिटाई

कहा है कि राजस्व अभिलेखों में त्रुटि के लिए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार माने जाएंगे। अगर किसी अधिकारी के लॉगिन से गलत प्रविष्टि हुई है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने रायगढ़ में सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की जमीन, खेती, या अन्य दस्तावेजों में त्रुटि की वजह से जनता का प्रशासन पर से भरोसा न टूटे, इसके लिए जरूरी है कि राजस्व प्रणाली को जवाबदेह बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि त्रुटि सुधार कार्य पर राजस्व अधिकारी विशेष निगरानी रखें। (CM on Revenue Records)

बैठक में मुख्यमंत्री ने लात नाला सिंचाई परियोजना के लंबे समय से अधूरे होने पर नाराजगी जताते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अटल सिंचाई योजना के तहत लंबित सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा। गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 26 गांवों में भूमि रजिस्ट्री पर लगे प्रतिबंध को हटाने का निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिया। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों का नियमित दौरा करने को कहा, ताकि छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब जिले छोटे हो गए हैं, ऐसे में अधिकारी समय निकालकर ज्यादा से ज्यादा गांवों में पहुंचें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को खाद-बीज उठाने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। (CM on Revenue Records)

CM साय ने कहा कि डीएपी की संभावित कमी को देखते हुए वैकल्पिक उपायों पर किसानों को जानकारी दी जाए। उन्होंने फसल चक्र परिवर्तन के लिए भी किसानों को प्रेरित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने मानसून से पहले तैयारियों की चर्चा करते हुए सर्पदंश से निपटने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम दवाएं रखने के निर्देश दिए। रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में डेंगू व पीलिया जैसी बीमारियों को रोकने के लिए नगर निगम और प्रशासन को सजग रहने कहा। मुख्यमंत्री ने मैदानी जिलों में अवैध शराब की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ओडिशा से लगते सीमावर्ती इलाकों में शराब की अवैध आवाजाही रोकने विशेष निगरानी की आवश्यकता बताई। (CM on Revenue Records)

बैठक में रहे ये उपस्थित

बैठक में रेशम उत्पादन, भू-जल स्तर में सुधार, पर्यटन विकास, सड़क मरम्मत और जन औषधि केंद्रों के प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता के सेवक हैं और जनकल्याण ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गबेल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी.दयानंद, संभाग आयुक्त सुनील जैन, IG संजीव शुक्ला, सीसीएफ प्रभात मिश्रा समेत सारंगढ़ और रायगढ़ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समेत जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। (CM on Revenue Records)

Back to top button
error: Content is protected !!