Bhilai property dispute murder: प्रॉपर्टी विवाद में भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, मौके पर मौत, आरोपी भाई फरार

Bhilai property dispute murder: छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में जमीन और घर को लेकर चल रहे विवाद ने एक भाई की जान ले ली। छावनी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। सिर पर किए गए वार से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस लगी हुई है।
यह भी पढ़ें :- Korba Love Jihad case : कोरबा लव जिहाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जज बोले- युवती बालिग, परिजनों की संतुष्टि भी जरूरी
छावनी सीएसपी हरीश पाटिल के अनुसार, मृतक की पहचान महेंद्र सिंह उर्फ बउआ (55) के रूप में हुई है, जो ठेकेदारी कर अपना जीवन यापन करता था। उसका छोटा भाई राजवीर सिंह (45) छावनी थाने का निगरानी बदमाश है। दोनों भाई नंदिनी रोड के पास एक ही मकान में अलग-अलग रहते थे। वर्षों से दोनों के बीच प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था। (Bhilai property dispute murder)
सुबह से शाम तक शराब, फिर खून-खराबा
मंगलवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद वे साथ बैठकर शराब पीने लगे। सुबह से शाम तक दोनों शराब पीते रहे और झगड़ते रहे। रात करीब 8 से 9 बजे के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
महेंद्र के पास एक चाकू और छोटी कुल्हाड़ी थी, जबकि राजवीर के पास बड़ी कुल्हाड़ी थी। इसी से उसने महेंद्र के सिर पर वार कर दिया। वार इतना तेज था कि कुल्हाड़ी सिर के पीछे गहराई तक धंस गई। महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। (Bhilai property dispute murder)
हत्या के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी छोटा भाई राजवीर सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना की सूचना मिलते ही छावनी टीआई मोनिका पांडेय और सीएसपी हरीश पाटिल मौके पर पहुंचे। उन्होंने फौरन फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से खून के सैंपल, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और अन्य सबूत जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवारजन से पूछताछ की जा रही है। (Bhilai property dispute murder)



