Raipur Crimes News : सूटकेस में बंद था मौत का राज़ : मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पैसे के लेनदेन में गला रेतकर हत्या

Raipur Crimes News : राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। एक स्टील की पेटी के अंदर लाल रंग के सूटकेस में एक 30–35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकित उपाध्याय को रायपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया, जब वह शहर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था।
हत्या में पत्नी और दो साथी भी शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद के चलते अंकित ने अपनी पत्नी और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक की गला रेतकर हत्या की। इसके बाद शव को सूटकेस में डालकर सीमेंट से भर दिया गया और स्टील की पेटी में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
अहम सुराग बने ‘हब्बू भाई’ और सीसीटीवी फुटेज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौलतराम पोर्ते ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक कार (क्रमांक CG 04 B 7700) पेटी को ले जाती हुई दिखी, जिससे जांच को अहम दिशा मिली। पेटी पर लिखा “हब्बू भाई” भी महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ, जिससे पुलिस को स्थानीय दुकानों तक पहुंचने में मदद मिली।
शव पर गहरे कट के निशान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
शव की स्थिति बेहद भयावह थी। गले पर गहरे कट के निशान मिले, जिससे यह साफ है कि हत्या तेज धारदार हथियार से की गई। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मृत्यु का सटीक कारण स्पष्ट हो सकेगा। (Raipur Crimes News)
पुलिस कर रही पहचान और नेटवर्क की गहन जांच
डीडी नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम इस केस की गहन जांच कर रही है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है और डिजिटल सर्विलांस समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की मदद से हत्या की पूरी साजिश को खंगाला जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जल्द ही मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत खुलासा करेंगे। (Raipur Crimes News)



