Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार से लेकर 1.80 लाख तक की रकम लेते पकड़े गए अधिकारी

ACB Action in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीमों ने एक ही दिन में अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए तीन बड़े रिश्वत मामलों का भंडाफोड़ किया है। बस्तर, मनेंद्रगढ़ और जांजगीर-चांपा में सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मचा हुआ है। बस्तर जिले के दरभा तहसील कार्यालय में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर हेम कुमार पाणिग्रही को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। मामले की शिकायत ग्रामीण साहनू बघेल ने की थी।

यह भी पढ़ें:- बीजापुर में 5 परिवारों की 109 एकड़ जमीन पर उद्योगपति का कब्जा !, विधायक मंडावी ने सरकार से की जांच की मांग

बघेल ने बताया कि उसके भाई की पत्नी की मौत जहरीले सांप के काटने से हुई थी, जिसके मुआवजे के रूप में सरकार से 4 लाख रुपए मिलने थे। इस मुआवजे की फाइल आगे बढ़ाने और राशि दिलाने के एवज में रीडर ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। ग्रामीण की शिकायत पर एसीबी ने पहले सत्यापन किया और फिर योजना बनाकर रीडर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी रीडर पहले भी जाति प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर ग्रामीणों से पैसे मांग चुका था।

सब इंजीनियर 21 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सरगुजा एसीबी की टीम ने मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के PWD के सब इंजीनियर छत्रपाल बंजारे को 21 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ठेकेदार अंकित मिश्रा ने बताया कि सब इंजीनियर ने उसका बिल पास करने के बदले 30 हजार रुपए की मांग की थी, बाद में सौदा 21 हजार रुपए में तय हुआ। एसीबी के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस के मुताबिक शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। ठेकेदार को केमिकल लगे नोट दिए गए, और जैसे ही सब इंजीनियर ने पैसे लिए, टीम ने उसे कार्यालय में ही रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी की टीम ने इसके बाद अभियुक्त के घर की भी तलाशी ली, जहां नकदी और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

एसडीएम कार्यालय में 2 कर्मचारी गिरफ्तार

डीएसपी प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि रिश्वत लेते हुए अभियुक्त को पकड़ा गया है। उसके घर से भी जांच में कई दस्तावेज मिले हैं। मामले की विवेचना जारी है। वहीं सब इंजीनियर की पत्नी का कहना है कि उनके पति को साजिश के तहत फंसाया गया है और अब तक किसी ठेकेदार ने उन पर कोई आरोप नहीं लगाया था। वहीं बिलासपुर एसीबी की टीम ने चांपा के एसडीएम कार्यालय के भू-अर्जन शाखा में दबिश देते हुए अमीन पटवारी बिहारी सिंह और ऑपरेटर राजकुमार देवांगन को 1.80 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। किसान से मुआवजा भुगतान कराने के नाम पर दोनों अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने सटीक ट्रैप योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, टीम ने मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

रिश्वत की रकम बरामद

रिश्वत की रकम 1.80 लाख रुपए मौके से बरामद की गई है। कार्रवाई के बाद एसडीएम कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसीबी ने दोनों आरोपियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि यह एसीबी बिलासपुर की पिछले डेढ़ साल में 36वीं ट्रैप कार्रवाई है। तीनों मामलों में एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ चल रही है। विभागीय स्तर पर भी आगे की कार्रवाई की संभावना है। (ACB Action in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!