Google Analytics —— Meta Pixel

बस-डंपर की टक्कर से लगी भीषण आग, 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत, यात्रियों को बचने का नहीं मिला मौका

Accident in Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना मरकापुरम जिले के रायवरम के पास सुबह करीब 6:00 बजे हुई। हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से उसकी टक्कर हो गई।

यह भी पढ़ें:- 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होगा छत्तीसगढ़: डिप्टी CM विजय शर्मा

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मरकापुरम के SP वी हर्षवर्धन राजू के मुताबिक बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे। (Accident in Andhra Pradesh)

डंपर ड्राइवर समेत 23 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने बेहतर इलाज के लिए विशेष व्यवस्था की है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

25 दिसंबर 2025 को जिंदा जले थे 6 लोग

कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में 25 दिसंबर 2025 की रात एक भयावह सड़क हादसा हुआ था, जब एक लॉरी अचानक नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई। सामने से आ रही प्राइवेट स्लीपर बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ, उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने या बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी, जिनमें 4 महिलाएं, एक बच्चा और लॉरी का ड्राइवर शामिल था। 

5 नवंबर 2025 को 20 यात्रियों की हुई थी मौत

वहीं राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर 5 नवंबर 2025 को एक एसी स्लीपर बस में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया था। बस जैसलमेर से जोधपुर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में उसके पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों को संभलने और बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। इस भीषण हादसे में 20 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। जबकि 15 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। प्रारंभिक जांच में इस घटना का कारण शॉर्ट सर्किट माना गया है। हादसे ने बसों में फायर सेफ्टी और तकनीकी जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

लगातार बढ़ते हादसों ने बढ़ाई चिंता

देश में लगातार हो रहे बस हादसे और आग की घटनाएं परिवहन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि वाहनों की नियमित जांच, आपातकालीन निकास व्यवस्था और फायर सेफ्टी सिस्टम जैसे उपायों को सख्ती से लागू करना बेहद जरूरी है। मरकापुरम हादसा एक बार फिर यह साबित करता है कि सड़क सुरक्षा और वाहन रखरखाव में जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस और प्रशासन जांच में जुटी हुई है, लेकिन इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए ठोस कदम उठाना अब समय की मांग है। (Accident in Andhra Pradesh)

Back to top button
error: Content is protected !!