AI Summit Protest Case: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, पुलिस ने अब तक आठ आरोपी पकड़े
AI Summit Protest Case : नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन (AI Summit Protest Case) के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उन्हें पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश करेगी और रिमांड की मांग कर सकती है।
यह भी पढ़े :- 21 साल के बेटे ने की पिता की हत्या, शव को कई टुकड़ों में काटकर नीले ड्रम में भरा, ऐसे खुला राज
पुलिस के अनुसार, चिब को सोमवार को तिलक मार्ग थाना बुलाया गया था। जांच एजेंसियों का कहना है कि प्रदर्शन की योजना से जुड़ी अहम जानकारी उनके पास थी और इसकी रूपरेखा तैयार करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
पूछताछ में सहयोग नहीं करने का आरोप
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान चिब ने सहयोग नहीं किया और कई सवालों से मुकर गए या भटकाने की कोशिश की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई। अब पुलिस अदालत में उनकी भूमिका को लेकर अपने तर्क रखेगी और रिमांड मांग सकती है।
कांग्रेस की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध से सरकार डरती है। उन्होंने सवाल उठाया कि बड़े आतंकी हमलों के आरोपियों को पकड़ने में विफल रहने वाली सरकार विरोध करने वालों पर कार्रवाई कर रही है।
कुल 8 गिरफ्तार, कई पदाधिकारी शामिल
चिब की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या आठ हो गई है। सोमवार को तीन अन्य लोगों—जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और विमल अजय कुमार—को भी गिरफ्तार किया गया था। ये सभी IYC से जुड़े पदाधिकारी बताए जा रहे हैं।
शर्ट उतारकर किया था विरोध
यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे उस समय हुई जब एआई इम्पैक्ट एक्सपो के दौरान एक उच्चस्तरीय सम्मेलन चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और QR कोड के जरिए वैध प्रवेश लिया था। वे स्वेटर और जैकेट के नीचे टी-शर्ट पहने हुए थे।
एग्जिबिशन हॉल के अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने शर्ट उतारकर नारे लगाए और टी-शर्ट पर लिखे राजनीतिक संदेश प्रदर्शित किए, जिनमें प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे भी शामिल थे। (AI Summit Protest Case)



