चेन्नई डायवर्ट हुई एअर इंडिया की फ्लाइट, हादसे से बाल-बाल बचा विमान; कई सांसद थे सवार

तिरुवनंतपुरम से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (Air India Flight) AI2455 रविवार (10 अगस्त) को बड़े हादसे से बच गई। उड़ान के दौरान खराब मौसम और संदिग्ध तकनीकी खराबी के कारण विमान को चेन्नई डायवर्ट करना पड़ा, जहां वह सुरक्षित उतरा। इस विमान में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत कई सांसद सवार थे।
यह भी पढ़े :- अमेरिका में पाकिस्तान आर्मी चीफ आसिम मुनीर की भारत को परमाणु धमकी, कहा….
एअर इंडिया (Air India Flight) प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान भरने के बाद क्रू को तकनीकी समस्या का शक हुआ और खराब मौसम के चलते एहतियातन चेन्नई की ओर रुख किया गया। यात्रियों को असुविधा के लिए खेद जताते हुए उन्होंने कहा कि वैकल्पिक इंतजाम करके यात्रियों को जल्द गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
दो घंटे हवा में चक्कर
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान को अभूतपूर्व अशांति का सामना करना पड़ा। एक घंटे बाद कैप्टन ने उड़ान सिग्नल में खराबी की घोषणा की और विमान को चेन्नई मोड़ दिया गया। लगभग दो घंटे तक विमान हवा में चक्कर लगाता रहा क्योंकि रनवे पर एक और विमान था। दूसरे प्रयास में फ्लाइट सुरक्षित लैंड कर गई।
वेणुगोपाल ने कहा, “हम स्किल और किस्मत से बचे, लेकिन सुरक्षा किस्मत पर निर्भर नहीं हो सकती। डीजीसीए और नागरिक उड्डयन मंत्रालय को जांच कर जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
विमान में कौन-कौन सांसद थे?
AI2455 में केसी वेणुगोपाल के अलावा यूडीएफ कन्वेनर अदूर प्रकाश, कांग्रेस नेता के. सुरेश, के. राधाकृष्णन और तमिलनाडु के सांसद रॉबर्ट ब्रूस सवार थे। (Air India Flight)




