Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलियों की तरह अंडरग्राउंड रहकर काम करते हैं पास्टर, आदिवासियों को बहला-फुसलाकर कर रहे गुमराह: अजय चंद्राकर

Ajay Chandrakar on Pastor: छत्तीसगढ़ में बंद के दौरान रायपुर के मैग्नेटो मॉल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुआ। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा की धारा में FIR दर्ज की और 26 दिसंबर की देर रात बजरंग दल के दर्जनभर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में लिया है। इसके विरोध में बजरंग दल ने सामूहिक गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है, जिस पर बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि जिन लोगों ने तोड़फोड़ और हिंसा की है, उन पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का काम है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें:- बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर का पूर्व CM बघेल पर वार, कहा- हनुमान चालीसा पढ़ते होंगे, लेकिन खड़े कुंभकरण और रावण के साथ

उन्होंने यह भी कहा कि पहले भूमिगत पास्टरों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। अजय चंद्राकर ने पास्टरों की तुलना नक्सलियों के काम से की है। उन्होंने कहा कि पास्टर नक्सलियों की तरह अंडरग्राउंड रहकर काम करते हैं। पास्टर आदिवासियों को बहला-फुसलाकर गुमराह कर रहे हैं। चंद्राकर ने कहा कि मैं भी जानना चाहता हूं कि ऐसा कौन सा प्रचार ये लोग करते हैं, जो खुले मंच से सामने आकर नहीं कर पाते। (Ajay Chandrakar on Pastor)

जानिए 24 दिसंबर को क्या हुआ था ?

दरअसल, क्रिसमस से एक दिन पहले 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद के दौरान राजधानी के मैग्नेटो मॉल में भारी हंगामा हुआ था। आरोप है कि बजरंग दल के 30 से 40 कार्यकर्ता लाठी-डंडों और हॉकी स्टिक के साथ मॉल के अंदर घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता ने बताया कि मॉल पूरी तरह बंद था और बंद का समर्थन भी किया गया था। इसके बावजूद 50 से 100 लोग जबरन मॉल के अंदर घुस आए। उनके हाथों में लाठी, डंडे और हॉकी स्टिक थे। उन्होंने कहा कि ये लोग कर्मचारियों से पूछ रहे थे कि आप हिंदू हो या क्रिश्चियन ? और आपकी जाति क्या है ? यहां तक कि ID कार्ड और बैच देखकर भी सवाल किए गए।

कई कर्मचारी रो पड़े: मार्केटिंग हेड

मार्केटिंग हेड के मुताबिक आरोपी बहुत आक्रामक थे। डर का माहौल इतना था कि कई कर्मचारी रोने लगे। ऐसा लग रहा था कि किसी के साथ गंभीर मारपीट हो सकती है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले मॉल में काफी नुकसान हो चुका था। उन्होंने बताया कि इस तोड़फोड़ में मॉल को करीब 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान से ज्यादा भय और तनाव का माहौल बना। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर 30 से 40 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। (Ajay Chandrakar on Pastor)

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 190, 191(2), 324(2) और 331(3) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। (Ajay Chandrakar on Pastor)

जानिए BNS की धाराओं का क्या है मतलब ?

धारा 115(2) – स्वेच्छा से चोट पहुंचाना: अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर किसी को चोट पहुंचाता है और मामला सामान्य से गंभीर होता है तो यह धारा लगती है।

धारा 190 – अवैध जमाव: जब 5 या उससे ज्यादा लोग गैरकानूनी उद्देश्य से इकट्ठा होते हैं और उससे शांति भंग होने की आशंका हो।

धारा 191(2)- अवैध जमाव के दौरान हिंसा/ बल प्रयोग: अगर अवैध जमाव का हिस्सा बनकर हिंसा की जाती है या बल का प्रयोग होता है तो यह धारा लगती है।

धारा 324(2)- खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना: लाठी, डंडा, हॉकी स्टिक या किसी भी ऐसे हथियार से हमला जिससे गंभीर चोट लग सकती है।

धारा 331(3)- आपराधिक बल या हमला कर नुकसान पहुंचाना: अगर किसी व्यक्ति या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से हमला या तोड़फोड़ की जाती है। (Ajay Chandrakar on Pastor)

ब्लिंकिट ऑफिस में भी हुई थी मारपीट

मैग्नेटो मॉल की घटना के बाद एहतियातन विधानसभा रोड स्थित अंबुजा मॉल को खाली कराया गया था। रायपुर के SSP लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में लोगों को बाहर निकाला गया और शाम के समय आने वाले लोगों को वापस लौटा दिया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मॉल के बाहर डंडों से लैस सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए थे। इससे पहले छत्तीसगढ़ बंद के दौरान रायपुर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ब्लिंकिट के ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट की थी। एक कार्यकर्ता कर्मचारी को लाठी से पीटते हुए CCTV कैमरे में कैद हुआ था। 

Back to top button
error: Content is protected !!