पुलिस अधिकारी के पैर छूने और सरकारी विमान से धीरेंद्र शास्त्री के आगमन पर विवाद

रायपुर। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के शासकीय विमान से छत्तीसगढ़ आने और एक वर्दीधारी पुलिस अधिकारी द्वारा उनके पैर छूने का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। कांग्रेस ने इसे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला बताया है, जबकि भाजपा ने इसे निजी आस्था करार दिया है।
यह भी पढ़े :- नक्सलियों की तरह अंडरग्राउंड रहकर काम करते हैं पास्टर, आदिवासियों को बहला-फुसलाकर कर रहे गुमराह: अजय चंद्राकर
धीरेंद्र शास्त्री 25 दिसंबर को मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के साथ भिलाई में आयोजित धार्मिक प्रवचन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस अधिकारी पहले मंत्री को सलाम करने के बाद जूते-टोपी उतारकर शास्त्री के पैर छूते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ताओं ने सवाल उठाए कि करदाताओं के पैसों से कथावाचक के लिए सरकारी विमान क्यों उपलब्ध कराया गया? कुछ लोगों ने इसे वर्दी की गरिमा के विपरीत बताया, जबकि समर्थकों ने इसे अधिकारी की आस्था बताया।
कांग्रेस का आरोप: “राज्य खजाने पर डकैती”
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकार किस संवैधानिक आधार पर धीरेंद्र शास्त्री को लाने के लिए सरकारी विमान भेज सकती है? उन्होंने इसे “सार्वजनिक धन का दुरुपयोग” और “राज्य के खजाने पर डकैती” जैसा कदम बताया।
उन्होंने कहा कि शास्त्री न तो किसी मान्यता प्राप्त पीठ के प्रमुख हैं और न ही धर्माचार्य। साथ ही उन पर “गंगा-जमुनी संस्कृति के खिलाफ आचरण” का आरोप लगाया।
भाजपा का बचाव: “निजी आस्था पर सवाल क्यों?”
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि किसी अधिकारी द्वारा धार्मिक गुरु के सम्मान में प्रणाम करने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। इसे निजी आस्था बताया गया।
उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के समय भी तांत्रिकों को हेलीकॉप्टर व विमान सुविधा दी गई थी। साथ ही कांग्रेस नेताओं पर “सनातन धर्म विरोध” का आरोप भी लगाया।
पुलिस की स्थिति
पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि पैर छूने वाले अधिकारी के खिलाफ अभी किसी कार्रवाई का निर्णय नहीं हुआ है। अधिकारी वर्तमान में माना बस्ती थाना प्रभारी के पद पर तैनात हैं।



