Google Analytics —— Meta Pixel

मैग्नेटो मॉल कांड: FIR के विरोध में बजरंग दल का चक्काजाम, तेलीबांधा थाना घिरा

रायपुर। मैग्नेटो मॉल में 24 दिसंबर को हुई तोड़फोड़ की घटना में 7 बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज होने के बाद आज संगठन के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में तेलीबांधा थाना घेर लिया। थाने के सामने मुख्य सड़क पर बैठकर उन्होंने चक्काजाम किया और जमकर नारेबाजी की।

यह भी पढ़े :- पुलिस अधिकारी के पैर छूने और सरकारी विमान से धीरेंद्र शास्त्री के आगमन पर विवाद

सूत्रों के अनुसार पहले प्रदर्शनकारियों को सिविल लाइन थाना जाना था, जिस पर वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। लेकिन रणनीति बदलते हुए वे अचानक तेलीबांधा थाना पहुंच गए। फिलहाल थाना परिसर के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

छत्तीसगढ़ बंद के दौरान 24 दिसंबर को रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कथित रूप से 30–40 बजरंग दल कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ घुस गए थे। आरोप है कि धार्मिक व जातीय पहचान पूछते हुए दुकानों व प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की गई। इससे मॉल के कर्मचारियों में भारी दहशत फैल गई।

मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता ने बताया था कि मॉल बंद होने के बावजूद 50–100 लोग जबरन अंदर घुसे। उनके हाथों में लाठी व हॉकी स्टिक थीं और उन्होंने कर्मचारियों के ID कार्ड जांचे। पुलिस के पहुंचने तक कई दुकानों को नुकसान पहुँचा दिया गया।

मॉल को लगभग 15–20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

पुलिस की कार्रवाई

CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 115(2), 190, 191(2), 324(2) और 331(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

देर रात पुलिस और क्राइम ब्रांच ने करीब एक दर्जन पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

रायपुर में अन्य घटनाएं

उसी दिन ब्लिंकिट ऑफिस में घुसकर मारपीट की घटना भी सामने आई थी, जिसका CCTV वीडियो वायरल हुआ था।
मॉल घटना के बाद एहतियातन अंबुजा मॉल को खाली कराया गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

Back to top button
error: Content is protected !!